कोटद्वार: वन वॉचर की मौत पर लोगों ने थाने में किया हंगामा, गुस्साई भीड़ गेट तोड़कर थाने में घुसी
जानकारी के मुताबिक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झरना रेंज की एक चौकी से कुछ दिन पहले एक राइफल गायब हो गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कार्बेट टाइगर रिजर्व (केटीआर) के झिरना रेंज से एक रायफल चोरी होने के मामले में कालागढ़ थाने में पूछताछ के बाद घर लौटे वन वॉचर की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण वन वॉचर का शव लेकर कालागढ़ थाने में जमा हो गए और कालागढ़ थाना पुलिस पर उसके साथ थर्ड डिग्री प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
साथ ही अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। भीड़ को देख थाने का गेट बंद कर दिया गया लेकिन ग्रामीण गेट तोड़कर परिसर में जा घुसे। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कोटद्वार और कुमाऊं मंडल से पुलिस फोर्स मौके पर भेजी। उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए और मुआवजे का आश्वासन दिया जिसे बाद लोग शांत हुए।
शुक्रवार सुबह कालागढ़ में बड़ी संख्या में क्षेत्र के दर्जनों गांव के ग्रामीण मुख्य मार्ग पर कालागढ़ थाने के सामने जमा होने लगे और बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी वन श्रमिक सोनू कुमार (32, निवासी बिजनौर) के शव के साथ थाने के सामने पहुंचे और अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। भीड़ देखकर पुलिस ने थाने के गेट को बंद कर दिया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा और अधिक बढ़ गया। इसी बीच भीड़ बेकाबू होकर थाने के गेट को तोड़ती हुई परिसर में प्रवेश कर गई।
थाना कार्यालय के सामने पुलिस अधिकारी व ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने शव को थाना परिसर में रखकर खूब हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने कालागढ़ थाना पुलिस पर सोनू कुमार की पूछताछ के दौरान गंभीर रूप से पिटाई करने का आरोप लगाया। कहा कि उसे इतना मारा गया कि अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई।
पत्नी बोली, इतना मारा कि मरणासन्न हालत में पहुंचे घर
शुक्रवार देर शाम प्रदर्शनकारियों, वन विभाग और पुलिस प्रशासन के बीच चली वार्ता में मृतक आश्रित को मुआवजा देने की घोषणा और मामले की जांच का आश्वासन दिया गया। इसके बाद शव कब्जे में लेकर कोटद्वार पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
थाने में हंगामे को देखते हुए पौड़ी एसएसपी पी. रेणुका देवी, एएसपी मनीषा जोशी, एएसपी काशीपुर प्रमोद कुमार, हरिद्वार से एएसपी प्रदीप रॉय, कोटद्वार, लैंसडौन समेत कई थानों के कोतवाल, सीओ और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची हुई थी। एसएसपी पी. रेणुका देवी ने पुलिस कस्टडी में मौत होने से इनकार किया। कहा कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
मृतक की पत्नी कमलेेश देवी ने बताया कि उसके पति सोनू कुमार वन विभाग में वन प्रहरी दैनिक श्रमिक के रूप में काम करते हैं। वन विभाग की रायफल चोरी होने के प्रकरण में कालागढ़ थानाध्यक्ष व एक एसआई ने अपने सहयोगी स्टाफ के साथ पूछताछ के दौरान उसको इतना मारा-पीटा गया कि वह मरणासन्न हालत में घर पहुंचा। मरणासन्न हालत में उसके रिश्तेदार अस्पताल लेकर गए, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों के पक्ष में उतरे किसान नेता और भाजपाई
कालागढ़। ग्रामीण की मौत को लेकर स्थानीय व क्षेत्रीय जनता के साथ किसान यूनियन और भाजपा के नेता पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। भाजपा नेता मलकीत सिंह, जिला महामंत्री भूपेंद्र सिंह बोबी आदि व किसान यूनियन के मदन सिंह राणा, दर्शन सिंह रावत, दर्शन सिंह फौजी के अलावा सैकड़ों लोगों ने थाने में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।