उत्तराखंड: बस्ती तक पहुंची जंगल की आग में जली फोर व्हीलर वर्कशॉप, हुआ हजारों का नुकसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कर्णप्रयाग के जंगलों में लगी आग शनिवार रात को बस्ती तक पहुंच गई जिससे एक फोर व्हीलर वर्कशॉप जल गया। फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही आग बुझ गई नहीं तो यह अन्य घरों तक भी पहुंच जाती।
एसएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार रात को कर्णप्रयाग में पिंडर नदी के किनारे की पहाड़ी पर जंगलों में लगी आग विकराल हो गई और सब्जी मंडी के नीचे तक बस्ती की ओर फैल गई। इसके बाद आग सीएमपी बैंड पर बने राकुडि वर्कशॉप तक पहुंच गई और देखते ही देखते वर्कशॉप जल गई।
उत्तराखंड: गर्मी शुरू होते ही धधकने लगे जंगल, आग बुझाने में ग्रामीणों के हाथ झुलसे, तस्वीरें...
वर्कशॉप मालिक राकेश कुमार डिमरी ने बताया कि आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में वर्कशॉप में रखे टायर, पानी की कई मोटर, कारों के पुर्जे, रिपेयर के उपकरण सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग से हजारों का नुकसान हुआ है। सूचना पर फायर ब्रिगेड वाहन पहुंचा और स्थानीय लोगों, पुलिस की मदद से आग पर करीब एक घंटे की मशक्कत से बाद काबू पाया जा सका।
तीन दिन से जल रहे देवाल के जंगल
क्षेत्र में तीन दिनों से जंगलों में लगी आग से कई हेक्टेयर वन संपदा जल गई। वन कर्मियों के तमाम प्रयास के बाद भी आग बुझाई नहीं जा सकी। ब्लॉक के कलपटटा, मेलमिंडा, देवसारी, सरकोट, तलौर पदमल्ला, हाटकल्याड़ी, रैन गरसू गांव के समीप के जंगलों में लगी आग से वन संपदा को बहुत नुकसान हुआ है। देवाल ब्लॉक व ब्लॉक की सीमा से लगे कुमाऊं के जंगलों में लगी आग से चारों ओर धुंध छाई है। रेंजर टीएस बिष्ट ने कहा कि विभाग के सभी कर्मी आग बुझाने में लगे हैं। खड़ी चट्टानें होने के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
शॉर्ट सर्किट से मकान जला
सोल्टा गांव में शनिवार रात को शॉर्ट सर्किट से एक मकान जल गया जिससे घर में रखी गई नकदी, जेवरात और कीमती सामान नष्ट हो गया। राहुल सती पुत्र स्वर्गीय धनीराम सती रात को परिवार के साथ घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग पूरे मकान में फैल गई। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना राजस्व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। मकान मालिक ने बताया कि आग लगने से उनके साठ हजार रुपये, जेवरात एवं कीमती सामान जल गया है। उन्होंने बताया कि वे अपने नए मकान का काम शुरू करने वाले थे और उसके लिए उन्होंने यह पैसा रखा हुआ था। क्षेत्र के संजय रावत ने प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग उठाई।