उत्तराखंड: रोडवेज बसों में सफर करना हुआ महंगा, पहाड़ जाने वाली बसों का किराया बढ़ा
देहरादून से करीब 40 बसें रोजाना रानीपोखरी से होकर पर्वतीय जनपदों तक जाती हैं। दून से ऋषिकेश हो या इससे ऊपर के सभी रूट, सभी जगह किराये में करीब 17 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऋषिकेश में रानीपोखरी का पुल टूटने की वजह से परिवहन निगम ने ऋषिकेश और पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाली रोडवेज बसों का किराया बढ़ा दिया है। यात्रियों को दून से ऋषिकेश जाना भी महंगा पड़ रहा है। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि रानीपोखरी में पुल टूटने की वजह से रोडवेज की बसों का ऋषिकेश से लेकर श्रीनगर, टिहरी सहित सभी पर्वतीय स्थानों तक बसों का संचालन वाया नेपाली फार्म हो रहा है।
उन्होंने बताया कि चूंकि वहां से बसों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, इसलिए रोडवेज बसों के किराये में करीब 17 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि देहरादून से करीब 40 बसें रोजाना रानीपोखरी से होकर पर्वतीय जनपदों तक जाती हैं। दून से ऋषिकेश हो या इससे ऊपर के सभी रूट, सभी जगह किराये में करीब 17 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जब रानीपोखरी से बस संचालन सुचारू हो जाएगा तो दोबारा पुराना किराया लागू कर दिया जाएगा।
दुश्वार हो रहा पहाड़ में संचालन
परिवहन निगम के लिए भी पहाड़ों में बस संचालन दुश्वार हो रहा है। कई जगहों पर सड़कें टूटी हुई हैं, जिस वजह से रोडवेज बसों का संचालन करने में दिक्कत आ रही है। निगम लगातार सभी रूटों पर निगाह रख रहा है। फिलहाल सुचारू बस संचालन हो रहा है।
जाखन नदी पर वैकल्पिक मार्ग का निर्माण शुरू
जाखन नदी में वाहनों की आवाजाही शुरू करने के लिए पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश ने वैकल्पिक मार्ग (काजवे) बनाने का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को सुबह से ही पीडब्ल्यूडी के डंपर और जेसीबी से वैकल्पिक मार्ग के लिए मिट्टी भरान करने और नदी की सतह को समतल करने का काम होता रहा।
पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश के सहायक अभियंता राकेश चंद्रा ने बताया कि जाखन नदी में रानीपोखरी के पुराने मोटरपुल के पास वाहनों की आवाजाही शुरु करने के लिए वैकल्पिक बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। पेट्रोल पंप के पास से नदी की ओर से आने के लिए रैंप बनाया जा रहा है।
नदी के बीच में कुछ ऊंचाई पर वैकल्पिक मार्ग बनाया जा रहा है। नदी की पानी को निकालने के लिए वैकल्पिक मार्ग के बीच-बीच में ह्यूम पाइप लगाए जाएंगे। जिससे नदी का पानी इन पाइपों से बाहर आ सके। यह वैकल्पिक मार्ग 550 मीटर लंबार होगा।
वन विभाग ने 162 पेड़ों पर लगाए निशान
रानीपोखरी में जाखन नदी में वाहनों के आवागमन के लिए बनाए जा रही एप्रोच रोड के निर्माण के लिए देहरादून वन विभाग के थानो रेंज की ओर से जाखन नदी के पास जौलीग्रांट एयरपोर्ट की साइड करीब 162 पेड़ों पर निशान लगाए गए हैं। रेंजर एनएल डोभाल ने बताया कि रिपोर्ट बनाकर डीएफओ देहरादून को भेज दी गई है। डीएफओ कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद वन विभाग निगम की ओर से पेड़ों का कटान किया जाएगा। पेड़ों पर निशान लगाने के दौरान लोक निर्माण विभाग ऋषिकेश के अधिकारी, वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।