उत्तराखंड: देवहा नदी में मां और दो बेटियों के शव मिलने से सनसनी, चुन्नी से आपस में बंधे हुए थे तीनों के हाथ
मृतकों की शिनाख्त इस्लामनगर निवासी सिम्मी (35) और उसकी बेटियों अजना (आठ साल) एवं फलक (10) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।
विस्तार
उत्तराखंड के खटीमा में सत्रहमील चौकी के अंतर्गत हल्दी घेरा स्थायी चेकपोस्ट से महज पचास मीटर की दूरी पर देवहा नदी फीडर संख्या 30 के नीचे महिला और चुन्नी के सहारे उसके हाथ से बंधे दो बच्चियों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों की शिनाख्त इस्लामनगर निवासी सिम्मी (35) और उसकी बेटियों अजना (आठ साल) एवं फलक (10) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतका के बेटे ने अपने दादा को माता-पिता के बीच शनिवार रात मारपीट होने की बात बताई है।
रविवार को हल्दी घेरा गांव के प्रधान के पति गुरप्रीत सिंह खिंडा ने सबसे पहले शवों को नदी में उतराते देखा। इसकी सूचना चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही को दी। सूचना पर सीओ मनोज कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों शवों को नदी से बाहर निकलवाया। महिला के शव से बुर्का लिपटा हुआ था और गले में काले रंग का ताबीज बंधा था। पुलिस ने शवों की शिनाख्त के लिए आसपास के ग्राम प्रधानों और गांव वालों से मदद ली देर शाम को शवों की शिनाख्त हो सकी।
मृतकों में वार्ड नंबर दो इस्लामनगर के इरफान की पत्नी 35 वर्षीय सिम्मी और दो बेटियां अजना और फलक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सिम्मी का हाथ एक चुन्नी के सहारे दोनों बच्चियों के हाथों से बंधा था। एक बच्ची के हाथ में पीतल का कड़ा बंधा हुआ था। इसमें 786 गुदा हुआ था। पुलिस के अनुसार फरमान ने अपने दादा मो. मुस्ताक को बताया कि शनिवार की रात पिता और मां के बीच मारपीट हुई थी।
उधर, शिनाख्त से पहले जमौर के ग्राम प्रधान के पति शमीम अख्तर ने बताया कि बच्ची के हाथ में बंधे कड़े में उर्दू में कुछ लिखा हुआ होने के कारण अनुमान लगाया जा रहा था कि ये लोग मुस्लिम समुदाय से हो सकते हैं। सीओ मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि एसआई बबीता टम्टा ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा वहां पर कोतवाल नरेश चौहान, एसएसआई लक्ष्मण सिंह जगवाण आदि थे।
पति शराब पीकर आए दिन करता था मारपीट
मृतका के भाई अशफाक ने बताया की सिम्मी की शादी को 12 साल से अधिक हो चुके हैं। पति इरफान अकसर शराब पीकर पत्नी और बच्चों से मारपीट करता था। शनिवार देर रात भी इरफान ने सिम्मी और बच्चों को मारापीटा था और घर से निकाल दिया था। यह बात रविवार को सुबह सिम्मी के बड़े बेटे फरमान ने बताई।
पति-पत्नी में आए दिन लड़ाई होती रहती थी और सिम्मी बच्चों को लेकर रिश्तेदारों या माता- पिता के घर आ जाती थी। इसलिए कोई ढूंढखोज भी नहीं की। जब वह शाम को घर आया तो एक महिला सहित दो बच्चों की नदी में डूब कर मरने की बात पता चली। तब उन्होंने मोर्चरी में जाकर वहां रखे शवों की शिनाख्त की।
मृतका के पिता से पूछताछ की गई है। उसने पुत्री के पति पर आए दिन मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
-डीएस कुंवर, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर