उत्तराखंड: आज से शुरू हुआ मां पूर्णागिरि मेला, श्रद्धालुओं को करना होगा कोविड नियमों का पालन
- कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने किया उद्घाटन, बोले-मां के धाम में और बेहतर सुविधाएं की जाएंगी विकसित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऐतिहासिक पूर्णागिरि मेला मंगलवार से शुरू हो गया है। मां के जयकारों के बीच प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री बंशीधर भगत ने ठुलीगाड़ प्रवेश द्वार पर फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। 30 अप्रैल तक चलने वाले मेले के पहले दिन करीब 15 हजार भक्तों ने देवी मां के दर्शन किए। बंशीधर भगत ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए सरकार की ओर से यहां और बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
प्रशासन और मंदिर समिति ने मेले के उद्घाटन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि पूर्णागिरि मेला स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का एक बड़ा माध्यम है। आने वाले समय में मेले को वृहद रूप देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को मेले की व्यवस्थाओं पर नियमित निगरानी रखने के लिए कहा।
मां पूर्णागिरि मेला: एक दिन में 10 हजार श्रद्धालु ही कर सकेंगे दर्शन, पंजीकरण भी अनिवार्य
श्रद्धालुओं को करना होगा कोविड नियमों का पालन
उन्होंने कहा है कि मेले में कोरोना से बचाव के लिए श्रद्धालुओं को सरकार की गाइडलाइन का पालन करना होगा। मां पूर्णागिरि धाम में हर साल होली के अगले दिन से तीन माह का मेला लगता है, लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने मेला अवधि 30 दिन तय की है। 30 मार्च से शुरू हो रहा मेला 30 अप्रैल तक चलेगा।
उद्घाटन के समय रहे मौजूद
मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय, खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, शिवराज सिंह कठायत, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक, डीएम विनीत तोमर, एसपी लोकेश्वर सिंह, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, एआरटीओ रश्मि भट्ट, मेला अधिकारी जिला पंचायत के एएमए राजेश कुमार, सीएमओ आरपी खंडूरी, सीओ अविनाश वर्मा, ग्राम प्रधान मंजू पांडेय, बीडीसी सदस्य रविशंकर पांडेय आदि थे।
एसपी ने सुरक्षा कर्मियों को दिए दिशा-निर्देश
एसपी लोकेश्वर सिंह ने पूर्णागिरि मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों को मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से कोरोना से संबंधित जारी नियमों का पालन करते हुए श्रद्धालुओं से भी नियमों का पालन कराने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, स्नानघाटों पर विशेष नजर रखने के लिए कहा।
रोडवेज चलाएगा दस बसें
पूर्णागिरि मेले में इस बार भी रोडवेज टनकपुर से पूर्णागिरि के लिए दस बसें चलाएगा। एआरएम संचालन केएस राणा ने बाताया कि पूर्णागिरि मार्ग पर चलाने को दस बसों की व्यवस्था की गई है। बसों का संचालन रोडवेज बस स्टेशन से किया जाएगा।
नहीं चलेगी मेला स्पेशल ट्रेन
पूर्णागिरि मेले के लिए फिलहाल मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। अलबत्ता एक अप्रैल से त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाएगा। यात्रियों को रूटीन ट्रेनों, रोडवेज की बसों या फिर निजी वाहनों से ही दर्शन के लिए आना होगा।
इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे की ओर से फिलहाल पूर्णागिरि मेले के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय नहीं लिया गया है। बता दें कि एक माह पूर्व टनकपुर स्टेशन के निरीक्षण के लिए आए डीआरएम ने आशुतोष पंत ने पूर्णागिरि मेले के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने की बात कही थी।