उत्तराखंड : सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, प्रदेश अध्यक्ष के दरबार में फिर तलब हुए भाजपा विधायक चैंपियन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा में वापसी के बाद खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें चैंपियन एक गाड़ी पर सवार दिख रहे हैं। उसी वाहन में बैठे एक समर्थक के हाथों में राइफल है, जो खिड़की से बाहर दिख रही है।
इस वीडियो में चैंपियन अपनी ठसक को लेकर चर्चाओं में फिर आ गए हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने चैंपियन को तलब कर लिया है। भगत ने चैंपियन को बुलाए जाने की पुष्टि की है।
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की वापसी पर हरीश रावत ने भाजपा को कठघरे में किया खड़ा
उन्होंने कहा कि उन्हें वीडियो के बारे में जानकारी दी गई है। सोशल मीडिया में भी यह वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने चैंपियन की फ्लीट के बारे में हरिद्वार जिला प्रशासन और रुड़की के एसडीएम से भी जानकारी ली है। चैंपियन को लेकर ऐसी कोई बात नहीं है, जिसे लेकर कोई विवाद हुआ है। लेकिन फिर भी मैंने फोन पर चैंपियन से बात की है और उन्हें बुलाया है। उनका पक्ष सुनने के बाद ही देखेंगे क्या करना है।
मैंने सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया: चैंपियन
भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने कहा कि निष्कासन समाप्त होने के तुरंत बाद वे अपने चुनाव क्षेत्र में निकल गए थे। उनके साथ उनके समर्थकों का काफिला था। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया गया। सभी मास्क पहने थे। मैं मेलाधिकारी दीपक रावत से मिला। मेरे क्षेत्र में 13 महीने से कार्य लटके हैं।
मैंने जिला प्रशासन से उनमें तेजी लाने का अनुरोध किया। जहां भी दौरा किया, प्रशासन से उसकी अनुमति ली गई थी। उनके सभी हथियार पहले ही जब्त हो चुके हैं। उनकी पत्नी की राइफल थी। राइफल को वाहन की खिड़की से बाहर सुरक्षा के लिहाज से रखा था। मुझे प्रदेश अध्यक्ष का फोन आया था। मैंने उन्हें पूरा स्पष्टीकरण दे दिया है। मैं उनसे मिल कर सारी बात स्पष्ट कर दूंगा।
आप ने डिप्टी सीएम का दिया था ऑफर
भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने कहा कि निष्कासन बहाल होने से पहले तक आम आदमी पार्टी के लोग उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए कह रहे थे। उन्हें डिप्टी सीएम पद की पेशकश की गई। वहीं आप अब उनके पुतले फूंक रही है। उन्होंने दावा किया कि आप में शामिल होने के लिए उन्हें 30 करोड़ रुपये की पेशकश तक की गई।
पुराने अंदाज में दिखे चैंपियन तो भाजपा हुई असहज
भाजपा में शामिल होने के 24 घंटों के अंदर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन अपने पुराने अंदाज में दिखे तो भाजपा असहज हो गई। दिलचस्प बात ये है कि चैंपियन की वापसी के समर्थन में जुटे संगठन और सरकार का एक बड़ा वर्ग यह दावा कर रहा था कि चैंपियन का हृदय परिवर्तन हो गया है और वे अपने चिर परिचित अंदाज से तौबा कर चुके हैं।
मगर पार्टी में वापसी करते ही चैंपियन ने अपने गृह जिले हरिद्वार का रुख किया। तो वे अपने पुराने अंदाज में लौट आए। वही समर्थकों से ठसाठस भरी लग्जरी गाड़ियों का काफिला। एक लग्जरी कार पर खड़े चैंपियन, सड़कों और बाजारों से सायरन बजाती निकलती गाड़ियां।
पार्टी में वापसी से पहले उन्हें ताकीद किया गया था कि कोरोना काल में उन्हें संयम बरतना है और बेहद सादगी के साथ क्षेत्र में जाना है। चैंपियन के अलावा भाजपा के 56 और विधायक हैं। लेकिन शायद ही किसी विधायक के पीछे एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियों का काफिला दौड़ता हो।
हालांकि उठ रहे सवालों पर चैंपियन का कहना है कि उन्होंने 24 अगस्त को जिलाधिकारी हरिद्वार और देहरादून से जुलूस की अनुमति का लिखित आग्रह किया था। उनके पूरे रूट पर पुलिस फोर्स की व्यवस्था थी। पिछले दो दिनों के दौरान उन्होंने अपनी विधानसभा का दौरा किया। लेकिन सवाल कोरोना काल में जुलूस निकाले जाने को लेकर उठ रहे हैं।
कहा जा रहा है कि जब उन्हीं की सरकार, लगातार लोगों को जुलूस व प्रदर्शन न करने की नसीहत पिला रही है। ऐसे में चैंपियन को जुलूस निकालने की क्या जरूरत थी? चैंपियन का संयम न रख पाना और उनके पुराने रंग ढंग में उतर आना कहीं न कहीं उन नेताओं के फैसले पर भी सवाल उठ रहा है, जिन्होंने उन्हें पार्टी में वापसी कराने के लिए एड़ी चोटी जोर लगा दिया था।