उत्तराखंडः एकांतवास पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री उतरेंगे मैदान में, बेहतर प्रदर्शन का है दबाव
- चुनावी साल में कम वक्त, बेहतर प्रदर्शन का है दबाव
- अगले कुछ महीनों में जिलों का करेंगे दौरा, विभागों से उद्घाटनों व शिलान्यासों की सूची तलब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमित मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत एकांतवास पूरा करने के बाद मैदान में उतरेंगे। इसके लिए पहले ही सभी आला अधिकारियों को सभी जरूरी तैयारी मुकम्मल करने का फरमान जारी कर दिया गया है।
Corona in Uttarakhand: देश में कोरोना के बढ़ते मामलों से एक्शन में सरकार, एक बार फिर होगी सख्ती
इसके अनुसार, मुख्यमंत्री जिलों के दौरों पर निकलेंगे और इस दौरान उनकी विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने की योजना है। इसलिए विभागीय सचिवों से प्रस्तावित उद्घाटनों और शिलान्यासों की सूची तलब की गई है। मुख्य सचिव ओम प्रकाश की ओर से सभी प्रशासनिक सचिवों को तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सत्ता की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री की योजना पूरे प्रदेश का ताबड़तोड़ दौरे करने की थी, लेकिन मैदान में उतरने से पहले ही वह कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए। उन्होंने बीजापुर स्थित सेफहाउस को अपना एकांतवास बना रखा है और वहीं से आला अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
माना जा रहा है कि अप्रैल के पहले हफ्ते में उनके एकांतवास की अवधि खत्म हो जाएगी। इसके बाद वह जरूरी एहतियात के साथ फील्ड में नजर आ सकते हैं। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री के जिलास्तरीय दौरों को लेकर आवश्यक तैयारी करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
वक्त कम, चुनौती बड़ी
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के पास अपने कार्यकाल में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए एक साल का भी समय नहीं है। थोड़े वक्त में कुछ अलग कर दिखाने का उन पर दबाव रहेगा। कोरोना का बढ़ता संक्रमण, कुंभ मेले का सफल आयोजन, चारधाम यात्रा और मानसून की चुनौतियों के बीच उन्हें राज्य की विकास यात्रा को जारी रखना है।
जिलों में विकास योजनाओं की करेंगे पड़ताल
मुख्यमंत्री जब जिलों के दौरों पर निकलेंगे तो इस दौरान वह वहां संचालित हो रही योजनाओं की पड़ताल भी करेंगे। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को इन योजनाओं का पूरा ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए।
डीपीआर बनाएं, टेंडर जारी करें
चुनावी साल में विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नए वित्तीय वर्ष में विकास योजनाओं की डीपीआर तैयार बनवा लें। साथ ही सभी टेंडर भी जारी करें। उन्होंने योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर देने को कहा है।
विधायकों व सांसदों को महत्व
विधायकों और सांसदों को महत्व देने पर जोर दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न दिवसों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और उनमें क्षेत्र के सांसदों और विधायकों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए।
कम प्रगति वाली योजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री का उन योजनाओं पर फोकस करना चाहते हैं, जिनकी प्रगति धीमी और कम है। मुख्य सचिव ने ऐसी योजनाओं की सूची बनाकर उनकी प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। उनके और अपर सचिव के स्तर पर भी समीक्षा बैठकें होंगी। साथ ही मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों के कार्यवृत्त तीन दिन में तैयार हो जाएंगे। ये सारा ब्योरा मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजना होगा।