Uttarakhand: प्रदेश के आठ शहरों में बनेंगी 23 खेल अकादमी, लागू होगा स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान
मुख्यमंत्री ने एशियन सब जूनियर-जूनियर मैन एंड वूमेन कप एंड एशियन यूनिवर्सिटी कप पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता-2025 का शुभारंभ किया।
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार जल्द ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करेगी। इसके तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी, जिनमें हर साल 920 विश्वस्तरीय एथलीट और एक हजार अन्य खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को होटल हयात सेंट्रिक में उत्तराखंड पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित एशियन सब जूनियर-जूनियर मैन एंड वूमेन कप एंड एशियन यूनिवर्सिटी कप पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता-2025 के शुभारंभ अवसर पर कही।
सीएम ने कहा कि हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में एक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। राज्य में खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए नई खेल नीति लागू की गई है, जिसके तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है।
उत्तराखंड को सौगात: प्रदेश को मिला अंतरराष्ट्रीय स्तर का आइस रिंक, सीएम धामी और खेल मंत्री ने किया लोकार्पण
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता राज्य के लिए गौरव : आर्या
पांच से 12 मई तक चलने वाली पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत समेत एशिया के 16 देशों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड से भी 16 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल में भी पावर लिफ्टिंग को कोर गेम के रूप में शामिल करने के प्रयास किया गया था, जिस तरह से खेल की लोकप्रियता बढ़ रही है, उम्मीद है कि यह ओलंपिक और एशियाड जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कोर गेम के रूप में शामिल कर लिया जाए। उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, अपर सचिव प्रशांत आर्य और विभिन्न देशों के पावर लिफ्टर मौजूद रहे।