तीरथ सिंह रावत के सिर सजा उत्तराखंड के दसवें मुख्यमंत्री का ताज, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
- त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ के नाम का प्रस्ताव देकर सबको चौंकाया
विस्तार
उत्तराखंड में गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के दसवें मुख्यमंत्री बन गए हैं। बुधवार को भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक में उनका नाम अचानक से सामने आया। कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह के नाम का प्रस्ताव दिया। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
आरएसएस की पृष्ठभूमि से जुड़े तीरथ सिंह रावत गढ़वाल के सांसद हैं और उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। वे पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री पद पर रह चुके हैं।
उत्तराखंडः तीरथ सिंह रावत बने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री, उनके बारे में जानिए खास बातें...
उन्हें मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के सबसे वफादार नेताओं में गिना जाता रहा। तीरथ के सामने पिछले लोकसभा चुनाव में तब धर्मसंकट पैदा हुआ जब उन्हें अपने गुरु के पुत्र के खिलाफ गढ़वाल सीट से चुनाव लड़ना पड़ा था। इस सीट पर उन्होंने जनरल खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूड़ी को पराजित कर दिया था।
प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट व त्रिवेंद्र के कार्यों को आगे बढ़ाऊंगा : तीरथ
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि वह राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट और त्रिवेंद्र सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। पर्यटन, तीर्थांटन, शिक्षा, खेती और किसानी, महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार उनकी प्राथमिकताएं होंगी। राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए वे इन क्षेत्रों पर खास फोकस करेंगे। अभी कुंभ मेले का आयोजन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
तीरथ राजभवन में शपथग्रहण समारोह के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहेंगे। उन्होंने पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ पर विश्वास किया। एक छोटे से गाव से यहां तक पहुंचाया। केंद्रीय नेतृत्व के जो भी दिशा-निर्देश होंगे, उसके अनुरूप काम करूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को आगे बढ़ाएंगे।
सबको साथ लेकर चलूंगा
तीरथ ने कहा कि वह सबको साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। उनकी कोशिश रहेगी कि हर वर्ग की समस्या का समाधान हो। राज्य सरकार ने चार साल में कई ऐसे कार्य किए हैं जो अब तक नहीं हुए थे, इन कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
केंद्रीय नेतृत्व से बात कर होगा कैबिनेट का गठन
नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कैबिनेट का गठन जल्द हो जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत हो रही है।
भव्य और दिव्य होगा शाही स्नान
आज बृहस्पतिवार को कुंभ में होने जा रहे पहले शाही स्नान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी अधिकारियों के साथ बैठने वाला हूं। कुंभ मेले की व्यवस्था से जुड़े लोगों से बातचीत होगी। शाही स्नान भव्य और दिव्य होगा। उसके लिए जल्द योजना बना रहे हैं। एक हेलीकॉप्टर फूलों की वर्षा करेगा।
सब लोग स्नान करें, ऐसी व्यवस्था बनाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले में सभी लोग स्नान करें, सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है। कोविड-19 महामारी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कुंभ स्नान की परंपरा को निभाया जाएगा।
पीएम मोदी ने ट़्वीट कर दी बधाई
पीएम मोदी ने भी प्रदेश के नए सीएम तीरथ सिंह रावत को ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि मुझे विश्वार है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश प्रगति करेगा।
Congratulations to Shri @TIRATHSRAWAT on taking oath as the Chief Minister of Uttarakhand. He brings with him vast administrative and organisational experience. I am confident under his leadership the state will continue to scale new heights of progress.
— Narendra Modi (@narendramodi) March 10, 2021
नए सीएम तीरथ सिंह रावत का प्रोफाइल
- नाम- तीरथ सिंह रावत
- पिता- स्व. कलम सिंह रावत
- माता- स्व. गौरा देवी
- जन्मतिथि- 9 अप्रैल 1964
- गांव- सीरों, पट्टी असवालस्यूं, ब्लाक कल्जीखाल जनपद पौड़ी गढ़वाल।
- प्राथमिक शिक्षा- राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सीरों
- उच्च प्राथमिक- जनता इंटर कालेज कंडारपानी।
- हाईस्कूल- जनता इंटर कालेज मवाधार।
- इंटरमीडिएट-राजकीय इंटर कालेज, जयहरीखाल।
- उच्च शिक्षा- हेनब गढ़वाल विवि बिडल परिसर श्रीनगर।
- परिवार में- पत्नी(डा. रश्मि त्यागी रावत), बेटी, तीन भाई, तीन बहनें।
अब तक बनाए गए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री कार्यकाल
नित्यानंद स्वामी 09 नवंबर 2000 से 29 अक्तूबर 2001
भगत सिंह कोश्यारी 30 अक्तूबर 2001 से 01 मार्च 2002
एनडी तिवारी 02 मार्च 2002 से 07 मार्च 2007
भुवन चंद्र खंडूरी 08 मार्च 2007 से 23 जून 2009 (11 सितंबर 2011 से 13 मार्च 2012 में भी रहे)
रमेश पोखरियाल निंशक 24 जून 2009 से 10 सितंबर 2011
विजय बहुगुणा 13 मार्च 2012 से 31 जनवरी 2014
हरीश रावत 1 फरवरी 2014 से 27 मार्च 2016 / 21 अप्रैल 2016 से 22 अप्रैल 2016 / 11 मई 2016 से 18 मार्च 2017
त्रिवेंद्र सिंह रावत 18 मार्च 2017 से 09 मार्च 2021
तीरथ सिंह रावत 10 मार्च 2021(मुख्यमंत्री पद की शपथ ली)
न नारेबाजी न शक्तिप्रदर्शन
भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक में नए नेता के चुनाव के दौरान ऐसा पहली बार हुआ कि किसी भी दावेदार पक्ष में कोई शक्तिप्रदर्शन नहीं हुआ। वरना इतिहास साक्षी है कि जब-जब भाजपा में सीएम पद के लिए नया नेता चुनने का समय आया, दावेदारों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन हुए। तीरथ के नाम की घोषणा से पहले कोई नारेबाजी नहीं हुई। जब उनके नाम का ऐलान हुआ तब कार्यकर्ताओं ने सिर्फ जिंदाबाद के नारे लगाए।
मैं तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनने की शुभकामनाएं देता हूं। उनके नेतृत्व में भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीतकर सत्ता में वापसी करेगी।
- बंशीधर भगत, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
बहुत ही मर्यादा के साथ विधायक मंडल दल की बैठक की प्रक्रिया हुई। मैं भी 15 साल मुख्यमंत्री रहा। मगर जिस गरिमा के साथ सदस्यों ने आज व कल अपनी बातें रखीं। वह अपने आप में उदाहरण है। मैं आप सबकी भावनाओं का राष्ट्रीय अध्यक्ष से जिक्र करूंगा।
- रमन सिंह, केंद्रीय पर्यवेक्षक, भाजपा
मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुझे मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय पर्यवेक्षक रमन सिंह का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। मैं अपना दायित्व पूरी निष्ठा से निभाने का भरसक प्रयास करूंगा
- तीरथ सिंह रावत, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड