उत्तराखंड की लापता नाबालिग छात्रा मेरठ नारी निकेतन में मिली, सच जानकर रूह कांप जाएगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रखंड के एक गांव से बीते तीन जनवरी को संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई नाबालिग छात्रा नारी निकेतन मेरठ से बरामद हुई। इस दौरान यह नाबालिग बलात्कार का शिकार भी हुई।
पीड़िता के बयान और मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे बहला फुसला कर भगा ले जाने वाली गांव की ही एक महिला और कैराना उत्तर प्रदेश के आरोपी युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीते तीन जनवरी को प्रखंड के एक गांव की आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा स्कूल के बाद अपने चाचा के घर जाने की बात कह कर घर से निकली थी। दो दिन बाद भी जब वह चाचा के घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कुछ पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर गांव की ही एक महिला पर उसे बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाया।
महिला भी अपने घर से लापता
पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि छात्रा के गायब होने के अगले दिन वह महिला भी अपने घर से लापता हो गई। पुलिस ने छात्रा के फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाकर पड़ताल की। इसी दौरान नारी निकेतन मेरठ में छात्रा की मौजूदगी की सूचना पुलिस को मिली। न्यायालय के आदेश के साथ मेरठ पहुंची पुरोला थाना पुलिस छात्रा को लेकर शुक्रवार को लौटी।
पूछताछ में नाबालिग छात्रा ने बताया कि गांव की ही एक महिला ने अपने परिचित युवक से फोन पर बात कराने के बाद उसे सहारनपुर जाने वाली बस में बैठा दिया था। वहां से खुरगान कैराना शामली निवासी सरबर पुत्र खुर्शीद उसे अपने घर ले गया। जहां तीन दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
बाद में आरोपित महिला का फोन आने पर वह युवक उसे कैराना में छोड़कर भाग गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे नारी निकेतन मेरठ भेज दिया। मामले की जांच कर रहे पुलिस उपनिरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि पीड़िता के मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि हुई है। आरोपित महिला और युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। न्यायालय के समक्ष पीड़िता के बयान के बाद इसमें बलात्कार आदि अन्य अपराध की धाराएं बढ़ाई जाएगी।