Uttarakhand: विस अध्यक्ष ने मानसून सत्र के लिए बुलाई बैठक, नहीं आए कई अधिकारी, लगाई फटकार
विस अध्यक्ष ने कहा कि दर्शक दीर्घा के लिए विधायकों की सिफारिश पर एक प्रवेशपत्र और मंत्रियों की सिफारिश पर दो प्रवेशपत्र ही जारी की जाएंगे।
विस्तार
पांच सितंबर से शुरू हो रहे विधानसभा मानसून सत्र को लेकर स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उच्च अधिकारियों की बैठक बुलाई। इस बैठक में कई अधिकारी नहीं आए। कई अधिकारी देर से भी पहुंचे। हालांकि, विस अध्यक्ष ने अनुपस्थित अधिकारियों से जवाब-तलब करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही देर से पहुंचने वाले अधिकारियों को मौके पर फटकार भी लगाई।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Rainfall: दस साल बाद अगस्त में सबसे कम बारिश, सामान्य से आठ फीसदी कम बरसे मेघ, जानें इसके पीछे वजह
शुक्रवार को विधानसभा भवन में स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विधानसभा सचिवालय, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व अन्य व्यवस्था पूरी तरह से चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सत्र के दौरान की आवश्यक व्यवस्थाओं को भी जल्द पूरा करने को कहा। अधिकारियों से कहा कि सत्र के दौरान आम जनमानस को यातायात से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या न हो। सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में गैर सरकारी व्यक्तियों को प्रवेश न दिया जाए।
विधायक और मंत्री की सिफारिश पर मिलेंगे प्रवेशपत्र
विस अध्यक्ष ने कहा कि दर्शक दीर्घा के लिए विधायकों की सिफारिश पर एक प्रवेशपत्र और मंत्रियों की सिफारिश पर दो प्रवेशपत्र ही जारी की जाएंगे। मीडिया को सदन की कार्यवाही के लिए पत्रकार दीर्घा के प्रवेशपत्र सूचना विभाग की ओर से जारी किए जाएंगे। विधानसभा सत्र की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग और वेबकास्टिंग सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के माध्यम से जाएगी। विधायकों व मंत्रियों के वाहन ही परिसर में पार्क किए जाएंगे। अन्य सभी वाहन सत्र के दौरान चिह्नित स्थानों पर ही पार्क किए जाएंगे। सत्र के दौरान अग्निशमन दल के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा विभाग आवश्यक चिकित्सा दल, दवाइयां, एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। बिजली, पेयजल की आपूर्ति, सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के अधिकारियों को निर्देश हैं।
बैठक में ये रहे मौजूद
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, आईजी गढ़वाल केएस नगन्याल, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, डीएम सोनिका, स्वास्थ्य महानिदेशक विनिता शाह, सीएमओ डॉ. संजय जैन, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, विधानसभा सचिव एसएमडी दानिश, संयुक्त सचिव विधानसभा सीएम गोस्वामी, उप सचिव विधानसभा नरेंद्र रावत, उपसचिव हेम पंत, सुरक्षाधिकारी प्रदीप गुणवंत आदि मौजूद थे।