देहरादून: मोहब्बेवाला में बार-बार हादसों पर दून पुलिस सख्त, एनएचएआई को भेजा नोटिस
मोहब्बेवाला के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ फायर सर्विस और ट्रैफिक की टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
विस्तार
मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार सुबह ट्रक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दोबारा लिखित नोटिस भेजा है। पुलिस ने हादसों की रोकथाम के लिए अब तक किए गए उपायों और आगे की कार्ययोजना के संबंध में जवाब मांगा है। तीन दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
रविवार सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से पटेलनगर थाना पुलिस को मोहब्बेवाला के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ फायर सर्विस और ट्रैफिक की टीमें मौके पर पहुंचीं।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई, जिसे पुलिस और ट्रैफिक टीम ने मौके पर पहुंचकर संभाला।
देहरादून में दर्दनाक हादसा: मोहब्बेवाला में सीमेंट से लदा ट्रक पलटा, चपेट में आने से एक की मौत, दो गंभीर घायल
प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बालोनी ने बताया कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। दुर्घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूर्व में भी राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को इस संबंध में अवगत करा चुकी है और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया था। इसके बावजूद हादसे सामने आने पर अब पुलिस ने दोबारा लिखित नोटिस जारी किया है।