उत्तराखंड: लोअर पीसीएस का रिजल्ट जारी, देहरादून के आयुष बेलवाल ने किया टॉप, बिक्रांत सिंह दूसरे नंबर पर रहे
लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। 88 हजार से अधिक आवेदनों वाली इस भर्ती में देहरादून के आयुष बेलवाल ने पहला स्थान हासिल किया।
विस्तार
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को लोअर पीसीएस परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। देहरादून निवासी आयुष बेलवाल ने परीक्षा में टॉप किया। जसपुर निवासी बिक्रांत सिंह दूसरे स्थान पर और देहरादून की हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रही।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि 13 दिसंबर 2024 को इस भर्ती का विज्ञापन जारी किया। 113 पदों के लिए 88,688 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। पिछले साल 11 मई को प्री परीक्षा हुई, जिसमें 1758 सफल हुए। फिर 13 व 14 सितंबर को मुख्य परीक्षा हुई, जिसका परिणाम 27 मार्च को हुई, जिसमें 406 अभ्यर्थी सफल हुए।
साक्षात्कार इस साल 27 जुलाई से तीन सितंबर के बीच हुए। शुक्रवार को जारी परिणाम में 113 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इनमें नायब तहसीलदार के लिए 36, उप कारापाल के लिए 14, पूर्ति निरीक्षक के 36, विपणन निरीक्षक के छह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पांच, आबकारी निरीक्षक के पांच, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के दो, गन्ना विकास निरीक्षक के छह और खांडसारी निरीक्षक के तीन अभ्यर्थी शामिल हैं।
परीक्षा में टॉप-10 में पहले नंबर पर आयुष बेलवाल, दूसरे पर बिक्रांत सिंह, तीसरे पर हिमानी लोहानी, चौथे पर लोहाघाट के अनिमेश पुनेठा, पांचवें पर बागेश्वर के भूपेश सिंह नगरकोटि, छठे पर अल्मोड़ा के रोहन नाथ, सातवें पर रुद्रप्रयाग के लोकेश सिंह सजवाण, आठवें पर बागेश्वर के कार्तिक भट्ट, नौवें पर हल्द्वानी की करिश्मा मनकोटि और 10वें पर हल्द्वानी से प्रतीक्षा राज चौहान रहे।
ये भी पढे़ं...बदरीनाथ धाम में DJ पर बवाल: सेना के देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव पर उठे सवाल, जिला प्रशासन ने पल्ला झाड़ा
किसकी कितनी रही कटऑफ
जनरल, ओबीसी : 282
अनुसूचित जाति : 252
अनुसूचित जनजाति : 263