Uttarakhand: एम्स ऋषिकेश की एक और नर्सिंग स्टाफ मिली कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या हुई 60
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कार्यरत एक 29 वर्षीया महिला नर्सिंग ऑफिसर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक के बाद एक लगातार मामले आने से एम्स स्टाफ में हड़कंप मचा हुआ है। एम्स प्रशासन ने हेल्थ केयर वर्कर के संपर्क में आए लोगों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया गया कि सूची तैयार होने पर एहतियात के तौर पर संबंधित लोगों को क्वारंटीन किया जाएगा।
इसके साथ ही एम्स में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है, जिनका आइसोलेशन वार्ड में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार किया जा रहा है। जबकि एक कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला की ब्रेन हेमरेज के कारण मौत हो चुकी है।
रविवार को एम्स निदेशक प्रो.रवि कांत के स्टाफ ऑफिसर डा.मधुर उनियाल की ओर से बताया गया कि एम्स में परीक्षण के बाद संस्थान की एक महिला नर्सिंग ऑफिसर कोविड पॉजिटिव पाई गई हैं। यह एम्स में स्टाफ नर्स हैं। उन्होंने बताया कि नर्स 15 से 25 अप्रैल तक मेडिसिन आईसीयू में ड्यूटी पर तैनात रही हैं, जहां पर नैनीताल निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला को भर्ती किया गया था।
उन्होंने बताया कि इस नर्स को 26 अप्रैल को फीवर की शिकायत हुई थी, जिस पर उसने बिना चिकित्सकिय परीक्षण कराए दवा ली और 29 तक अवकाश पर रही। इसी बीच समस्या बढ़ने पर नर्स का संस्थान में कोरोना वायरस का टेस्ट कराया गया। जिसकी रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव पाई गई है। इसके बाद उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है, साथ ही सभी सेफ्टी मेजर्स पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
प्रदेश के 18 कंटेनमेंट जोन में रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
कोरोना संक्रमण के आधार पर प्रदेश के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपद में कुल 18 कंटेनमेंट जोन हैं। यहां पर लॉकडाउन 3.0 में पूर्व की तरह से सभी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।
देहरादून जनपद में भगत सिंह कालोनी, कारगी ग्रांट, झबरावाला, केशवपुरी बस्ती, मुस्लिम कालोनी, कच्ची कालोनी, आजाद नगर कालोनी, बीस बीघा कालोनी, शिवा एनक्लेव कंटेनमेंट जोन में है। जबकि हरिद्वार जनपद में गैंडीखाता, ज्वालापुर, पनियाला, नागला, मलकपुरा, मानक माजरा, बादरपुर, नैनीताल जनपद में बनभूलपुरा और ऊधमसिंह नगर जनपद में बाजपुर के राजीव नगर वार्ड नंबर 13 कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित हैं।
चौदह बीघा में तोड़ी गई बैरिकेडिंग दोबारा लगाई
ऋषिकेश में चौदह बीघा शहीद सूर्य प्रकाश थपलियाल स्मृति द्वार पर पार्षदों की ओर से तोड़े गए बैरिकेडिंग को मुनिकीरेती थाना पुलिस ने दोबारा लगा दिया है। अब यहां आवाजाही करने वाले लोगों का मुनिकीरेती पुलिस पास बनाएगी। इसके बाद ही यहां बैरिकेडिंग पर आवाजाही हो सकेगी।
बीते शुक्रवार शाम टिहरी जिले में लोगों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाने के लिए प्रशासन के निर्देश पर मुनिकीरेती पुलिस ने चौदह बीघा पुरानी चुंगी के पास मुजफ्फरनगर कांड के शहीद सूर्य प्रकाश थपलियाल स्मृति द्वार पर बैरिकेडिंग लगाया था। शनिवार सुबह को नगर निगम के पार्षदों मनीष शर्मा, शकुंतला शर्मा, देवेंद्र प्रजापति ने अपने करीब एक दर्जन सहयोगियों की सहायता से इस बैरिकेडिंग को ध्वस्त कर दिया था।
इस पर सेक्टर अधिकारी संजय बिष्ट ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने पार्षदों सहित एक दर्जन लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया था। वहीं थाना क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते बैरिकेडिंग तोड़े जाने के मामले को मुनिकीरेती थाना प्रभारी ने संज्ञान में लिया और स्वयं मोर्चा संभाला। इसके तहत वह रविवार बैरिकेडिंग के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों से वार्ता करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि आवश्यक सेवाओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग से आवाजाही करने के लिए पुलिस की ओर से पास बनाए जाएंगे।
इसके बाद ही बैरिकेडिंग से आवाजाही हो सकेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के प्रवेश को रोकने के लिए मुख्य मार्गों समेत समस्त प्रवेश करने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाए जाने अति आवश्यक है। इससे बेवजह ढालवाला, चौदह बीघा और मुनिकीरेेती क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले लोगों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। बताया कि इसके बाद लक्ष्मणझूला और बाईपास मार्ग पर लगे बैरिकेडिंग से ही थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में प्रवेश किया जा सकेगा। साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग के बिना किसी को प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।