Uttarakhand Lockdown: खबर का असर, 26 वीआईपी ने लौटाए गनर, थानों में हुई पोस्टिंग
- कोरोना की लड़ाई में पुलिस की मदद को आगे आए दर्जाधारी
- अमर उजाला ने पुलिस बल की कमी के बीच वीआईपी के गनर वापस करने का उठाया था मुद्दा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना की जंग में बल की कमी से जूझ रही पुलिस को वीआईपी से गनर वापसी की अमर उजाला की मुहिम रंग आने लगी है। अब तक 26 गनर ने अपनी आमद करा दी है। इनमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय की एस्कॉर्ट के अलावा कई दर्जाधारियों के सुरक्षा कर्मी शामिल हैं।
अमर उजाला ने 14 अप्रैल के अंक में संकट की इस घड़ी में वीआईपी के गनर की सुविधा न छोड़ने का मुद्दा उठाया था। ये भी उस सिथति में जब पुलिस कोरोना संकट में बल के संकट से जूझ रही है। राजधानी में 600 पुलिस कर्मी एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रहे हैं। जिले से करीब 100 गनर वीआईपी की सुरक्षा में लगे हैं।
लॉकडाउन के चलते वीआईपी अपने घर में कैद हैं। इसी लिहाज से पुलिस अफसरों ने गनर वापसी की मौखिक अपील भी की थी। अमर उजाला में गनर का मामला सुर्खी बनने के बाद वीआईपी आगे आए। सबसे पहले प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने अपनी एस्कॉर्ट वापस देकर इसकी पहल की।
धीरे-धीरे दर्जा धारी और दूसरे वीआईपी भी इस राह पर चल पड़े हैं। शनिवार तक 26 गनर ने पुलिस लाइन में अपनी आमद करा दी थी। कई अन्य महानुभाव ने भी गनर वापसी को लेकर पुलिस अधिकारी से संपर्क किया है।
डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि पुलिस लाइन में वापस आए इन तमाम गणों को थानों में तैनात किया जा रहा है जहां पर पुलिस बल की कमी है। बल बढ़ने के साथ ही पुलिस की कार्य क्षमता भी बढ़ेगी।
लॉकडाउन का अनुशासन के साथ पालन करें: निशंक
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री और स्थानीय सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने हरिद्वार जनपद वासियों से आग्रह किया है कि वह लॉकडाउन के दौरान पूरा अनुशासन बरतें और सरकार की एडवाइजरी का अनुपालन करें। उन्होंने कहा कि सरकार सभी की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कृतसंकल्प है। किसी भी चीज की कोई कमी नहीं है।
डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने लॉकडाउन के चलते बन रही परिस्थितियों की फोन पर ही समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी और एसएसपी से वार्ता कर जिले के हालात के बारे में जाना। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष, महामंत्री और सभी मंडल अध्यक्षों से भी वार्ता की।
उन्होंने कहा कि सरकार वैश्विक महामारी कोरोना पर नियंत्रण पाने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे अभियान का सशक्त नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह लॉकडाउन की परिस्थितियों में जरूरतमंद गरीब लोगों की आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखें। किसी को भी कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। डॉ. निशंक के सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश जन्मदाग्नि ने बताया कि जल्दी ही डॉ. निशंक हरिद्वार पहुंचकर सारी परिस्थितियों ने निपटने के लिए मुस्तैदी से काम करेंगे।