उत्तराखंड सीएम और उद्योगपति अडाणी के बीच बातचीत का वीडियो वायरल, एफआईआर दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में इनवेस्टर्स समिट के आयोजन और राज्य की अलोचना करते नजर आ रहे उद्योगपति गौतम अडाणी के हाल ही वायरल हुए एक वीडियो के मामले में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कराई गई है। सूत्रों के अनुसार, सूचना विभाग की तहरीर पर कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें अज्ञात के खिलाफ 66 आईटी एक्ट और आईपीसी 469 यानी ख्याति को अपहानि करने व कूटरचना करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीएमओ सूत्रों के मुताबिक यह डॉक्टर्ड वीडियो (वीडियो से छेड़छाड़) है। इस वीडियो के जरिए राज्य की छवि बिगाड़ने की साजिश की गई है। वीडियो को जांच के लिए चंडीगढ़ फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आते ही वीडियो से छेड़छाड़ करने और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक सीएमओ के निर्देश पर सूचना विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को एसएसपी देहरादून को मामले की तहरीर सौंपी गई थी।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस साइबर क्राइम सेल ने आनन-फानन में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला सीएमओ से जुड़ा होने के चलते इस मसले पर कोई भी पुलिस अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। उच्च पदस्थ पुलिस सूत्र एफआईआर दर्ज होने और वीडियो को चंडीगढ़ फोरेंसिक लैब भेजने की पुष्टि करते हैं। अमर उजाला के सवाल पर सीएम के मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट संक्षिप्त-सा जवाब देते हैं कि हां, पुलिस को तहरीर दी गई है।
यह वीडियो नौ अक्टूबर को सबसे पहले एक न्यूज वेबसाइट पर नजर आया और फिर देखते ही देखते सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म्स पर वायरल हो गया। इससे प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई। कांग्रेस और समिट के विरोध करने वाले इस वीडियो को लेकर आक्रामक हो गए और इनवेस्टर्स समिट में सवा लाख करोड़ के इनवेस्टमेंट के प्रस्ताव पाने का दावा कर रही सरकार के लिए भी यह परेशानी का सबब बन गया।
वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी इसकी जांच में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वीडियो को जांच के लिए चंडीगढ़ लैब भेज दिया गया है। साथ ही वीडियो तैयार करने और इसे शेयर करने वाले के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सीएम और अदाणी के वीडियो की बातचीत
अडाणी : रात को ही मैं निकल जाऊंगा।
सीएम : सीधा अहमदाबाद निकल जाएंगे।
अडाणी : हां, सीधा अहमदाबाद। मेरे को आने में थोड़ी आफत हुई। एयरपोर्ट साइड में ट्रैफिक बहुत ज्यादा था। हूएवर इनवेस्टर इस कमिंग, ही इज नॉट (इसके बाद आवाज साफ नहीं है)। ओवरऑल है। वन साइड इन फियर ऑफ गवर्नमेंट। अच्छा सबको धंधा करना होता है, इधर सब आ जाते हैं। लेकिन वह होता नहीं है। ईच एंड एवरी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट देखो, दे आर इन ट्रबल। ईच एंड एवरी। ...
(वीडियो में संवाद बहुत साफ नहीं है। क्या कहा जा रहा है, इसे स्पष्ट करने के लिए हिन्दी कैप्शन में संवाद स्क्रोल कर रहा है। )