हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में खुलेगा प्रदेश का पहला कैंसर शोध संस्थान, केंद्र सरकार देगी 200 करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में प्रदेश का पहला कैंसर शोध संस्थान खोला जाएगा। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। केंद्र कैंसर शोध संस्थान के लिए 200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी देगा।
वहीं, प्रदेश सरकार भी संस्थान के लिए अपने संसाधनों से बजट का प्रावधान करेगी। संस्थान में 150 पद सृजित करने के लिए जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा। हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू करने के साथ ही सरकार कैंसर शोध संस्थान भी स्थापित करने जा रही है।
इस संस्थान के खुलने से प्रदेश के कैंसर रोगियों को इलाज कराने के लिए दूसरे प्रदेशों में नहीं जाना पड़ेगा। कैंसर का इलाज कराने की सुविधा मेडिकल कॉलेज में ही मिलेगी। इस संस्थान को खोलने के लिए केंद्र की ओर से दो सौ करोड़ की राशि दी जाएगी।
जबकि अन्य खर्चों के लिए प्रदेश सरकार बजट उपलब्ध कराएगी। स्वास्थ्य विभाग संस्थान पर होने वाले खर्च का आगणन तैयार कर रहा है। संस्थान को संचालित करने के लिए 150 पदों को सृजित किया जाएगा, इन्हें भरने का प्रस्ताव भी बनाया जा रहा है। इसे मंजूरी के लिए कैबिनेट को भेजा जाएगा। वहीं, सरकार गढ़वाल मंडल के लिए दूसरा कैंसर शोध संस्थान खोलने की योजना भी बना रही है।
मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में कैंसर शोध संस्थान को मंजूरी मिल चुकी है। यह प्रदेश का पहला कैंसर शोध संस्थान होगा। वहीं, गढ़वाल मंडल में भी एक कैंसर संस्थान खोला जाएगा। इससे प्रदेश के लोगों को राज्य के भीतर ही कैंसर का बेहतर इलाज मिल सकेगा।
- नितेश कुमार, सचिव, स्वास्थ्य विभाग