रोजगार गारंटी यात्रा: कर्नल कोठियाल बोले- उत्तराखंड के नवनिर्माण के लिए राज्य की राजनीति में आई है आप
Uttarakhand election 2022: कर्नल कोठियाल सोमनाथ ग्राउंड विजय चौक पहुंचे जहां उन्होंने शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद रोजगार गांरटी यात्रा का रथ रानीखेत बाजार से निकला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी की रोजगार गारंटी तिरंगा यात्रा का रानीखेत क्षेत्र में जोरदार स्वागत हुआ। पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गनियाद्योली से लेकर रानीखेत बाजार और विजय चौक तक यात्रा निकाली। गांधी चौक पर हुई सभा में कर्नल कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड नव निर्माण के लिए ही आम आदमी पार्टी ने राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। कहा कि 20 साल बाद भी उत्तराखंड राज्य की अवधारणा पूरी नहीं हो सकी है। राष्ट्रीय दल बारी-बारी से जनता को छलते आए हैं। बोले जांबाज रेजीमेंट कुमाऊं रेजीमेंट के मुख्यालय पर आकर उनकी ताकत दोगुनी हो गई है।
कर्नल कोठियाल सोमनाथ ग्राउंड विजय चौक पहुंचे जहां उन्होंने शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद रोजगार गांरटी यात्रा का रथ रानीखेत बाजार से निकला। इस दौरान हुई सभा में उन्होंने कहा कि पहाड़ों से निरंतर पलायन बढ़ रहा है, रोजगार की कोई नीति नहीं है। आप की सरकार बनते ही युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। जब तक रोजगार नहीं मिलता उन्हें पांच हजार रुपये महंगाई भत्ता दिया जाएगा। 300 यूनिट तक बिजली फ्री दी जाएगी। लाखों लोग अब तक फ्री बिजली के गारंटी कार्ड बनवा चुके हैं। उनकी अगवानी प्रदेश सदस्य अतुल जोशी, जगदीश जोशी, संगठन मंत्री संजीव जोशी, केंद्रीय प्रभारी शेखर चंद्र, भूपाल सिंह नेगी, प्रभु दयाल आदि ने की। उनके साथ सह प्रभारी राजीव चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, मीडिया प्रभारी अमित रावत थे।
आप आई तो प्राथमिकता से होगा रानीखेत का विकास
कर्नल कोठियाल ने कहा कि जिस रेजीमेंट से मेजर सोमनाथ, मेजर शैतान सिंह जैसे वीरों को परमवीर चक्र से नवाजा गया हो, आज उसी कुमाऊं रेजीमेंट के हेडक्वार्टर में उन्हें आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। चाहे चाइना के साथ युद्ध हो या फिर पाकिस्तान के दांत खट्टे करने की बात हो कुमाऊं रेजीमेंट ने हमेशा अपना लोहा मनवाया है। आज के दिन शहीद भगत सिंह की जयंती मनाने वह इस सैन्यभूमि में हैं जहां युवाओं के जोश को देखकर उनके भी हौसले बुलंद हो गए हैं, यह सम्मान की बात है। कहा कि राज्य बनने के बाद भी रानीखेत विकास की मुख्यधारा से वंचित है, जिला तक नहीं बन सका। आप की सरकार बनी तो रानीखेत का विकास प्राथमिकता से होगा।
मैं राजनीतिज्ञ नहीं हूं, लेकिन लीडरशिप की मुझमें अपार क्षमता
कोठियाल ने कहा कि वह राजनीतिज्ञ नहीं हैं लेकिन उनकी इच्छा है कि उनका बचा हुआ जीवन राज्य के नवनिर्माण के काम में आए। ऐसे नवनिर्माण के लिए भगत सिंह जैसी सोच चाहिए जो उत्तराखंड के हर युवा के पास है। उन्होंने कहा कि मुझे राजनीति करनी नहीं आती। मैं हमेशा से ही एक सैनिक रहा हूं और मेरे अंदर देश भक्ति का जज्बा है। मुझे राजनीति भले ही ना आए, लेकिन फौज में रहते हुए मुझे फैसले लेने बखूबी आते हैं और लीडरशिप क्वालिटी से मैं भलीभांति परिचित हूं।
कांग्रेस-भाजपा की प्रदेश के विकास नहीं विधायक बचाने पर नजर
कोठियाल भाजपा और कांग्रेस पर तंज कसने से भी नहीं चूके। कहा कि दोनों ही दलों की नजरें अब राज्य के विकास से ज्यादा अपने विधायकों को बचाने पर हैं। 20 सालों से ऐसे ही चल रहा है। जनता अब सब कुछ जान चुकी है। दोनों पार्टियां आम आदमी पार्टी पर शब्दों की गोलियां बरसा रहे हैं और हमारी पार्टी की चाल उस सेना की तरह है जो आगे बढ़ती रहती है। अगर गोलियां सामने से चल रही हैं तो इसका मतलब है कि हम बिल्कुल सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।