फिल्मों में हाथ आजमा रहे उत्तराखंड के CM!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडे के साथ उत्तराखंड के सीएम हरीश रावत फिल्म में एक्टिंग करते दिखाई देंगे।
हेमंत पांडे ‘बदरी’ फिल्म की शूटिंग के लिए इन दिनों उत्तराखंड में हैं। दो दिनों तक मसूरी में शूटिंग के बाद मुंबई से आई टीम बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के आवास पहुंची। जहां पर सीएम हरीश रावत संग फिल्म की शूटिंग की गई। पांडे ने बताया कि फिल्म को उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनाया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक्शन के साथ कैमरे को फेस किया। निर्देशक के निर्देश पर अभिनय भी किया। दरअसल, पूरी तरह से उत्तराखंड में फिल्माई जा रही ‘बदरी’ फिल्म के एक दृश्य में प्रदेश में भ्रमण करने वाली टीम को सीएम हरीश रावत हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हैं।
इस दृश्य के लिए सीएम संग टीम ने करीब एक घंटे तक शूटिंग की। इससे पहले मसूरी में बुधवार को पूरी रात फिल्म की शूटिंग की गई। अब पहाड़ों में दिन की शूटिंग की जाएगी। शुक्रवार को टीम चकराता जाएगी।
उसके बाद चोपता, औली, कर्णप्रयाग आदि जगहों पर भी फिल्म का फिल्मांकन किया जाएगा। फिल्म में धारावाहिकों में अभिनय करने वाले राम मेहर, चिराग ठक्कर, निधि नौटियाल, प्रियंका नेगी और निर्मला मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशन संजय सिंह कर रहे हैं।
बदरीनाथ में मिलती है बदरी
फिल्म का नाम बदरी इसलिए रखा गया है कि एक सीन में चिराग ठक्कर की मुलाकात बदरी नाम की लड़की से होती है। इसके बाद इनका मुलाकातों का सिलसिला बढ़ता है और प्यार हो जाता है।
फिल्म का मकसद आपदा के बाद उत्तराखंड के तीर्थ स्थलों का प्रचार-प्रसार करना है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि किस प्रकार आपदा के बाद उत्तराखंड के कई लोग बेरोजगार हो गए हैं।
फिल्म नीति पर चर्चा
हेमंत पांडे ने मुख्यमंत्री हरीश रावत से प्रदेश की फि ल्म नीति के संबंध में भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म नीति पारित हो गई है, लेकिन पास नहीं हुई है। अब कैबिनेट में लाई जाएगी।
रोजी-रोटी की तलाश में आता है नंदू
हेमंत पांडे ने बताया कि फिल्म में उनके किरदार का नाम नंदू है। जो यूपी से रोजी-रोटी की तलाश में उत्तराखंड आता है। उसका पुश्तैनी काम कुम्हार का होता है, लेकिन चाइनीज सामान की ओर लोगों का रुझान बढ़ने से उनका काम ठप हो जाता है। तब वह भ्रमण पर जाने वाली टीम का खाना बनाने के लिए उनके साथ चल देता है।