उत्तराखंड: जौलीग्रांट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने को कैबिनेट की मंजूरी, खर्च होंगे 300 करोड़ रुपये
देहरादून में जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के लिए कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे जौलीग्रांट में बड़े विमानों की आवाजाही शुरू हो सकेगी।
वहीं, यात्रियों की क्षमता 1800 तक हो जाएगी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विस्तार करने के लिए भूमि चिह्नित कर नागरिक उड्डयन विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है। बुधवार को कैबिनेट से इसे मंजूरी मिल गई है।
प्रदेश सरकार को सिर्फ भूमि उपलब्ध करानी है, विस्तारीकरण पर आने वाला सारा खर्च केंद्र सरकार देगी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बनाने लिए 60 मीटर चौड़ा और 270 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा। इसके लिए 105 हेक्टेयर भूमि की जरूरत होगी।
चिह्नित जमीन में सरकारी व निजी दोनों हैं। तकनीकी विशेषज्ञों की ओर से दी गई एयरपोर्ट विस्तारीकरण रिपोर्ट का नागरिक उड्डयन विभाग ने अध्ययन कर प्रस्ताव तैयार किया है। विस्तारीकरण के बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट से वियतनाम, कंबोडिया, दुंबई समेत गल्फ कंट्री के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी।