उत्तराखंड: सदन से घर तक की दौड़, चांद के दीदार की होड़, एक घंटे के भीतर विधानसभा परिसर में पसर गया सन्नाटा
भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सदन से लेकर गलियारों तक घर लौटने की बेचैनी नजर आई। करवाचौथ पर पत्नी को चांद दिखाने की चाह ऐसी थी कि सत्र स्थगित होने से पहले ही अधिकारी-कर्मचारी वापसी की तैयारी में जुट गए।
विस्तार
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में दो दिन के सत्र को लेकर खासी जल्दबाजी का माहौल नजर आया। दूसरे दिन तो सुबह से ही कयासबाजी लगने लगी कि कितने बजे तक सत्र स्थगित हो जाएगा। मंत्री-विधायकों से लेकर अधिकारी-कर्मचारी करवाचौथ पर अर्धांगिनी को चांद का दीदार कराने को लेकर बेकरार नजर आए।
मंगलवार को सत्र के पहले दिन भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सदन में कारों की कतार और भीड़ नजर आ रही थीं। बुधवार को सत्र के दूसरे दिन सड़क से लेकर सदन तक अपेक्षाकृत कम रौनक थी। हर मिलने वाला अधिकारी सत्र स्थगित होने का अनुमान पूछता नजर आया। हर किसी को घर जाने की जल्दबाजी दिखी।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: पहाड़ों पर बर्फबारी, गंगोत्री से गोमुख तक बिछी सफेद चादर, मसूरी में बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन, तस्वीरें
दोपहर को सत्र स्थगित होने से पहले ही कई अफसर-कर्मचारी देहरादून लौटने की हड़बड़ी में नजर आए। सत्र स्थगित होने के एक घंटे के भीतर पूरा भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर खाली हो गया। गाड़ियां धड़धड़ाती हुई लौट गईं। हर कोई घर समय पर पहुंचकर बृहस्पतिवार को चांद का दीदार कराने की जल्दी में दिखा। पीछे रह गया विधानसभा का फिर वही सन्नाटा।