Uttarakhand Chunav 2022: कांग्रेस की रग पर मोदी वार, कहा- मुश्किल होगी अगर आई ब्रैक वाली सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली वर्चुअल सभा में डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कांग्रेस राज को ब्रैक वाली सरकार बताया।
विस्तार
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के प्रचार में उतरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली वर्चुअल सभा में कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमले बोले। अपने तरकश में वे उन सभी तीरों को भरकर लाए, जिन्हें साधकर भाजपा पूर्व में कांग्रेस को असहज करने की कोशिश करती रही।
हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से चुनावी वर्चुअल रैली की शुरुआत में उन्होंने उत्तराखंड राज्य गठन में कांग्रेस के योगदान पर सवाल खड़े किए। चुनाव में उत्तराखंड और उत्तराखंडियत के नारे और चारधाम चार काम का नारा देने वाली कांग्रेस पर उन्होंने सवाल दागा कि जो लोग उत्तराखंड को राज्य के रूप में नहीं देखना चाहते थे, वो लोग उत्तराखंड का विकास होते कैसे देखना चाहेंगे? एक तरह से उन्होंने कांग्रेस की रग पर प्रहार करने की कोशिश की।
उत्तराखंड चुनाव 2022: सुबह आठ से रात आठ बजे तक प्रचार कर सकेंगे प्रत्याशी, 50 हजार सुरक्षाबल संभालेंगे सुरक्षा
बकौल मोदी, वे (कांग्रेस के लोग) उत्तराखंड के सपनों को इसलिए मारना चाहते थे ताकि उनकी विरासत चलती रहे। उन्होंने कांग्रेस के लिए उत्तराखंड को लूट का एटीएम और तिजोरी तक बता डाला। यह तोहमत तक जड़ी कि उत्तराखंड राज्य कांग्रेस की इच्छा के खिलाफ बना और वह आज तक राज्य से अपनी भड़ास निकाल रही है।
पर्वतमाला और वाइब्रैंट योजना का जिक्र किया
मोदी बजट की उन घोषणाओं का जिक्र करने से भी नहीं चूके, जिनका लाभ उत्तराखंड को मिल सकता है। उन्होंने भाषण में सीमांत इलाकों के लिए वाइब्रैंट विलेज योजना का जिक्र किया और कहा कि इससे सीमांत गांवों में सुविधा और संसाधन जुटेंगे। उन्होंने बजट में घोषित पर्वतमाला योजना को भी उत्तराखंड के पर्यटन, विकास और रोजगार के लिए नए युग की शुरुआत बताया।
डबल इंजन बनाम डबल ब्रैक वाली सरकार
मोदी ने भाजपा राज की डबल इंजन सरकार के फायदे गिनाए तो कांग्रेस कार्यकाल की केंद्र और राज्य की सरकारों को डबल ब्रैक वाली सरकार की मिसाल दी। उन्होंने तंज किया कि 2011 से 2014 में डबल ब्रैक वाली सरकार ब्रैक पर ब्रैक लगाती रही और उसने उत्तराखंड को विकास की दौड़ में दशकों पीछे धकेल दिया। उन्होंने ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन की मिसाल दी। बोले, इस पर एक दशक पहले काम शुरू हो जाना चाहिए था। लेकिन डबल ब्रैक वाली सरकार ने तीन-चार साल के कार्यकाल में चार करोड़ रुपये दिए, जबकि 2017 में बनी डबल इंजन सरकार ने साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे।
पीएम मोदी ने आगाह भी किया
इशारों ही इशारों में पीएम मोदी राज्य के मतदाताओं को आगाह भी करते दिखे। बोले, ब्रैक लगाने वाली सरकार दोबारा आ गई तो राज्य का विकास प्रभावित होगा। उन्होंने कहा, ब्रैक वाले बैठ गए तो आपके सपने पूरा करना किसी के लिए भी मुश्किल पैदा कर देंगे। एक तरह से मोदी ने राज्य में कांग्रेस और केंद्र में भाजपा की सरकार बनने का नफा-नुकसान भी समझा दिया।
तुष्टिकरण पर तीर चलाने से भी नहीं चूके
मोदी तुष्टिकरण पर तीर चलाने से भी नहीं चूके। उन्होंने राज्य में मुसलिम यूनिवर्सिटी बनाए जाने के एक कांग्रेस नेता के बयान को निशाना साधने का हथियार बनाया। बोले, कांग्रेस के लोग पवित्र देवभूमि में अब तुष्टीकरण का जहर घोलने की कोशिश कर रहे हैं। ये उत्तराखंड के लोगों की आंख खोलने के लिए काफी है।
गंगा के बहाने भी कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस राज में हरिद्वार हर की पैड़ी में गंगा को नहर घोषित करने के मुद्दे को मोदी फिर से हवा दे दी। उन्होंने इस बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा, हम सत्ता में आए तो हमने मां गंगा की सेवा के लिए नमामि गंगे अभियान शुरू किया। आज मां गंगा निर्मल हो रही है। लेकिन जब ये सत्ता में थे तो हरिद्वार में हरी की पैड़ी पर मां गंगा को नहर घोषित कर दिया था। दुनिया की सबसे विख्यात नदी को कोई नहर घोषित कर दे ताकि खनन और लूट माफिया अपना खेल खेल सकें। लेकिन हमारी सरकार ने इनके फैसले को पलटकर गंगा को लूटने का खेल बंद कर दिया।
योगी आते हैं तो माफिय भागकर कहां जाते हैं
मोदी ने दावा किया कि यूपी में योगी फिर आ रहे हैं और जब योगी आते हैं तो अपराधी माफिया भागते हैं। उन्होंने कहा कि यहां कांग्रेस सरकार होती तो यूपी से भागकर आने वाले माफिया की यहां खातिरदारी हो जाती है। अभी हम इससे बचे हैं।