उत्तराखंड: यूपी का मोस्ट वांटेड कौशल चौबे 15 साल बाद गिरफ्तार, 4 लोगों की हत्या के बाद से था फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड की स्पेशल टास्क फोर्स ने उत्तर प्रदेश के दो लाख रुपये के इनामी कौशल कुमार चौबे को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। यूपी के बलिया जिले का मोस्ट वांटेड कौशल चौबे वर्ष 2004 में टेंडर विवाद में चार लोगों की हत्या करने के बाद से फरार था। चौबे दून के रायवाला के हरिपुर में फ्लैट लेकर नाम बदलकर पत्नी के साथ रह रहा था। इसकी गिरफ्तारी की सूचना पर यूपी एसटीएफ ने भी दून पहुंचकर उससे पूछताछ की।
एसटीएफ उप महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल ने बताया कि इनामी अपराधियों की धरपकड़ की मुहिम के दौरान एसटीएफ को उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी कौशल कुमार चौबे के बारे में कई महत्वपूर्ण इनपुट मिले थे।
उसी आधार पर जांच आगे बढ़ी तो चौबे के बेटों के देहरादून में रहने की बात सामने आई। एसटीएफ को बुधवार देर रात सूचना मिली कि कौशल कुमार चौबे निवासी चैन, बलिया, यूपी अपने पुत्र कीर्तिमान और दीप्तिमान चौबे से मिलने देहरादून आ रहा है।
उसी आधार पर चौबे को रिस्पना पुल के पास एक होटल के सामने से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 0.40 की विदेशी ग्लॉक पिस्टल, 57 कारतूस और तीन मैगजीन बरामद की हैं। इसके अलावा इससे एक फोल्डिंग बट भी मिली है। इसकी मदद से फायरिंग की जा सकती है।
चौबे पर दो लाख रुपये का ईनाम है। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के करीब 29 मुकदमे दर्ज हैं। बलिया से फरार होने के बाद चौबे पहले हरिद्वार आया था। कुछ समय एक आश्रम में रुकने के बाद बलिया में अपने विरोधियों को ठिकाने लगाता रहा।
हरिद्वार से निकलने के बाद इसने कई साल तक शिमला (हिमाचल प्रदेश) में ठेकेदारी की थी। दस साल से चौबे हिमाचल और उत्तराखंड में छिपा हुआ था। हाल में इस शातिर अपराधी ने अपने समधी के नाम रायवाला में जमीन और एक फ्लैट खरीदा हुआ है। इसी फ्लैट में चौबे अपनी पत्नी के साथ नाम बदलकर रह रहा था।