सर्जिकल स्ट्राइक तो ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है : रविशंकर प्रसाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीओके में भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक को केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने ट्रेलर करार दिया है।
शनिवार को प्रदेश के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी में छात्रसंघ उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के कार्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी ने एक बार जज्बा दिखाया तो पड़ोसी परेशान है। जबकि, ये तो केवल ट्रेलर है, पूरी पिक्चर तो अभी बाकी है।
शनिवार को डीएवी महाविद्यालय में छात्रसंघ उद्घाटन समारोह का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन समेत अन्य अतिथियों ने किया। इस दौरान रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया के तमाम देश आर्थिक मंदी का सामना कर रहे हैं, भारत सात फीसदी की ग्रोथ रेट से आगे बढ़ रहा है।
मोदी सरकार में घूसखोरी बंद है। मोदी ने 24 करोड़ गरीबों के खाते खोलकर वो 36 हजार करोड़ रुपये बचा लिए जो पहले बिचौलिए खा जाते थे। पाक अधिकृत कश्मीर में भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक पर उन्होंने कहा कि हम किसी की जमीन नहीं लेना चाहते हैं। लेकिन आतंक के आगे किसी भी तरह से झुकेंगे भी नहीं।
डीएवी आने के तीन कारण
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जेपी के आंदोलन से लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और भाजपा तक में उन्होंने काम किया, लेकिन अब भारत तेजी से बदल रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धन सिंह रावत, पूर्व विधायक सुबोध उनियाल, महामंत्री संगठन एबीवीपी बृजेश वनकोटी, भाजपा महामंत्री नरेश बंसल, जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार, महासचिव कपिल शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि दून में उनके कई कार्यक्रम हैं। लेकिन धन सिंह रावत ने मुझे डीएवी आने के तीन कारण गिनाए, जिसके चलते मुझे यहां आना पड़ा। उन्होंने कहा कि वहां एबीवीपी जीती है और डॉ. देवेंद्र भसीन प्राचार्य हैं। इसके अलावा यह गढ़वाल का सबसे बड़ा कॉलेज भी है।
मेहनत करो, मौके बहुत हैं
रविशंकर प्रसाद ने छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार को आगे रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पीछे रहेगा तो कैसे काम चलेगा। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन में वह, लालू प्रसाद यादव और सुशील मोदी एक साथ छात्रसंघ पदाधिकारी थे। अब तीनों केंद्र और राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र नेता मेहनत करें, आगे बढ़ने के बहुत मौके हैं।
शहीद की पत्नी का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शहीद अनूप थापा की पत्नी का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों के इस बलिदान के कारण ही हम लोग चैन की नींद सोते हैं। देश के लिए जीते सब हैं, लेकिन जान देने का सम्मान वीर सैनिक पाते हैं। उन्होंने कहा कि सेना हर मोर्चे के लिए तैयार है। सेना को बस तब दिक्कत होती है जब आप जागकर भी सो रहे होते हैं। देश को सेना का साथ देने की जरूरत है।
भारत माता की जय के नारे गूंजे
पूरे कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारेे गूंजते रहे। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी छात्र-छात्राओं में उत्साह भरते हुए तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें ना रहें... का नारा लगाया। उन्होंने कहा कि अलग देश-अलग भाषा हो, लेकिन देश का गौरव बना रहेगा।
गुस्से में कार्यक्रम छोड़कर गए किशोर
छात्रसंघ उद्घाटन समारोह में सभी भाजपा और एबीवीपी से जुड़े अतिथियों के बीच कांग्रेस से केवल प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ही मंच थे।
कार्यक्रम में स्वागत और छात्रसंघ अध्यक्ष के बाद सीधे मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने संबोधन दिया। अपना संबोधन खत्म कर रविशंकर प्रसाद निकलने को हुए तो किशोर उपाध्याय ने माइक संभाला और विरोध जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुद्दों और समस्याओं पर भी बात होनी चाहिए।
अगर आपको सम्मान नहीं करना तो बेइज्जती करने के लिए नहीं बुलाना चाहिए था। इतना कहकर उन्होंने माइक पटका और बाहर निकल गए। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि व्यस्तता के चलते उन्हें जल्दी जाना था। लेकिन छात्रों के कार्यक्रम में किशोर उपाध्याय को रुकना चाहिए था।