उत्तराखंड: आयोजन से पहले ही अंडर-16 क्रिकेट चैंपियनशिप पर विवाद, बीसीसीआई तक पहुंचा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य क्रिकेट संचालन समिति के गठन के बाद पहली बार 15 से 25 सितंबर तक अंडर-16 स्टेट चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। आयोजन से पहले ही इसके खर्च को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। चैंपियनशिप के लिए उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन ने 18.29 लाख रुपये की मांग की थी, जिसे मंजूर कर लिया गया है।
उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिशन ने कुछ दिन पूर्व स्टेट चैंपियनशिप का कार्यक्रम जारी किया था। इसके लिए एसोसिएशन ने बीसीसीआई से 18.29 लाख रुपये का बजट मांगा था। इसे मंजूरी तो मिल गई है, लेकिन समिति के सदस्यों ने ही इसे लेकर विरोध जताया है। सूत्रों के अनुसार, सदस्यों का विरोध इस बात को लेकर है कि विजय हजारे ट्रॉफी की टीम के चयन के लिए करीब सात लाख, महिला सीनियर टीम के लिए करीब दो लाख और अंडर-19 टीम चयन के लिए करीब आठ लाख रुपये जारी किए जा रहे हैं।
जबकि अकेले अंडर-16 टीम चयन को इससे ज्यादा धनराशि जारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह मामला बीसीसीआई और संचालन समिति समन्वयक प्रो. रत्नाकर सेठी के पास भी पहुंच चुका है। अमर उजाला ने इस मामले में प्रो. रत्नाकर सेठी का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। जब भी उनका पक्ष आएगा, उसे प्रकाशित किया जाएगा।
ट्रायल और चैंपियनशिप का खर्च अलग
संचालन समिति के एक सदस्य ने तर्क दिया कि अन्य टीमों का चयन सीधे ट्रायल के आधार पर हुआ है। जबकि अंडर-16 टीम का चयन स्टेट चैंपियनशिप के आधार पर किया जाएगा। राज्यभर से चुने हुए क्रिकेटरों के आने-जाने और रहने-खाने पर खर्च होगा।
पिछले साल तक कैसे हुई प्रतियोगिता
बजट का विरोध करने वाले गुट का तर्क है कि यूसीए 2017 और उससे पहले भी इस प्रतियोगिता के आयोजन का दावा कर रहा है। उस अवधि में भी यह सभी खर्च हुए होंगे। इसमें 10 से 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी भी संभव है। लेकिन यूसीए ने जो बैलेंस शीट जमा की है, उसके अनुसार उनका वार्षिक आय-व्यय तीन लाख से कुछ अधिक है। ऐसे में जब पिछले वर्षों तक यह प्रतियोगिता तीन लाख से कम में आयोजित हुई तो इस वर्ष अचानक बजट छह सौ गुना कैसे बढ़ गया।
हमने 2017 में स्टेट चैंपियनशिप कराई थी। तब हमने सारा खर्च अपने स्तर से किया था। मुझे याद नहीं इसमें कितना खर्चा आया होगा। इस बार बीसीसीआई ऑफिशियल की निगरानी में चैंपियनशिप होगी।
-चंद्रकात आर्य, समन्वयक, अंडर-16 ट्रायल