दूनः नदी में डूबी छोटी बहन, बचाने उतरी बड़ी भी समाई, मौत
- लोगों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर किया हंगामा
- भगत सिंह कालोनी में तीसरे पहर हुआ हादसा, मचा कोहराम
- सीएम ने शोक जताया, एक-एक लाख मुआवजे की घोषणा
विस्तार
भगत सिंह कॉलोनी में बृहस्पतिवार को रिस्पना नदी में डूबने से दो बहनों की मौत हो गई। पहले छोटी बहन फिसलकर पानी में गिरी, उसे बचाने के चक्कर में बड़ी बहन भी गहरे पानी में समा गई। आक्रोशित लोगों ने जल संस्थान के ठेकेदार को आरोपित करते हुए जमकर हंगामा किया।
लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन के निर्माण के चलते पानी को रोके रखा हुआ है, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। मामला संज्ञान में आने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बच्चियों की मौत पर शोक जताते हुए एक-एक लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। साथ ही विभागों को कार्यप्रणाली सुधारने की हिदायत भी दी।
रायपुर थाना क्षेत्र के भगत सिंह कॉलोनी निवासी अय्यूब का मकान रिस्पना नदी से सटा है। बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे के करीब अय्यूब की बड़ी बेटी आयशा (12) और छोटी बेटी शाहीन (8) रिस्पना नदी के बराबर में बनी छोटी सी पगडंडी से होकर गुजर रही थी। इसी बीच शाहीन का पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरी।
दो बहनों की मौत की खबर से फैला आक्रोश
बड़ी बहन आयशा ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह भी पानी में गिर गई। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बहनों को निकालकर दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दोनों बहनों की मौत की खबर से लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पेयजल निगम के ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर खूब हंगामा किया। देर शाम एसएसपी भी मौके पर पहुंचे।
बोले पुलिस अधीक्षक
दो बहनों की मौत की घटना बेहद दुखद है। यदि परिजनों की तरफ से किसी तरह की तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-अजय सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर।