पिथौरागढ़: मैक्स जीप खाई में गिरी एक की मौत, एक लापता, सात घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वड्डा से कटियानी जा रही एक मैक्स जीप खाई में गिर गई। हादसे में जीप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। हादसे में सात लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मंगलवार शाम वड्डा कस्बे से एक मैक्स जीप सवारियों को लेकर कटियानी को जा रही थी। सन्न के पास चढ़ाई में जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में जीप चालक वाहन स्वामी अर्जुन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज सिंह धामी, नरेश धामी, जगदीश सिंह, जगजीवन राम, दीवानी राम, खड़क सिंह, गोविंद सिंह घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद 108 के जिला कोऑर्डिनेटर परमानंद पंत ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर सभी घायलों का उपचार किया गया।
सूरज सिंह धामी, जगजीवन और गोविंद सिंह की हालत बेहद गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। राजस्व उपनिरीक्षक भगवती प्रसाद पंत ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी।
तेज रफ्तार ने ली फिर दो की जान
काशीपुर में तेज रफ्तार कार ने अमरूद बेचने जा रही वृद्धा को टक्कर मार दी। सीपीयू कर्मियों ने घायल को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। वहीं कार चालक फरार हो गया। वहीं एक अन्य हादसे में ट्रक की चपेट में आकर एक बाइक सवार की मौत हो गई।
मोहल्ला किला निवासी चंद्रावती (70) पत्नी स्व. कालू अमरूद आदि बेचकर गुजर बसर करती थी। उनकी बेटी कमलेश और दामाद सुरेश ग्राम गिरधई में रहकर बागवानी करते हैं। मंगलवार को चंद्रावती सिर पर टोकरी रखकर बेर और अमरूद बेचने के लिए एमपी चौक की ओर पैदल जा रही थी।
जीजीआईसी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने वृद्धा को टक्कर मार दी। मौके पर भीड़ देखकर सीपीयू कर्मियों ने वृद्धा को अस्पताल पहुंचाया। इस बीच सूचना पर रघायल चंद्रावती की बेटी और दामाद भी अस्पताल पहुंचे। करीब दो घंटे बाद उपचार के दौरान चंद्रावती ने दम तोड़ दिया।
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार चालक को तलाश रही है। वहीं दूसरा हादसा बाली पेट्रोल पंप के पास हुआ। मंगलवार को काशीपुर की ओर आ रहे भूसी से लदे एक दस टायरा ट्रक (यूपी 21 बीएन/7888) ने सामने से जा रही बाइक (यूपी 13 ए/ 0459) को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक और क्लीनर ट्रक छोड़कर फरार हो गए।
टांडा उज्जैन चौकी पुलिस ने घायल को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को उसकी जेब से आधार कार्ड मिला है, जिस पर शिशुपाल (28) पुत्र टीकम सिंह, ग्राम विक्रमपुर थाना बाजपुर लिखा है। एसआई दीपक जोशी ने बताया कि इस संबंध में विक्रमपुर के ग्राम प्रधान को सूचना दे दी गई है। शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
भवाली में अधेड़ का मिला शव
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
श्रीनगर गढ़वाल में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। श्रीनगर के घसियामहादेव का मामला है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रथम दृष्टया युवक की मौत ठंड से मानी जा रही है।