रुड़की: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के हॉस्टल की दीवार फांद भाग निकली दो नाबालिग छात्राएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की के खानपुर में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के गोवर्धनपुर स्थित हॉस्टल से शनिवार देर रात दो नाबालिग छात्राएं दीवार फांद कर निकल गईं। वह घर जाना चाहती थीं। इसी दौरान गोवर्धनपुर पुलिस चौकी में निगरानी ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने उन्हें सड़क से गुजरते देख लिया। रुकने के लिए कहने पर दोनों खेतों में घुस गई। पीछा कर दोनों को पकड़ने के बाद चौकी में बिठा लिया लिया। छात्राएं सहमी हुई थीं। दोनों को सूचना पर पहुंची वॉर्डन के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी दोनों बहनें विद्यालय में कक्षा छह और सात की छात्राएं हैं। शनिवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे दोनों को गोवर्धनपुर पुलिस चौकी पर तैनात अनिल कुमार ने खानपुर-लक्सर हाईवे पर लक्सर की ओर जाते देखा। शक पर अनिल कुमार ने दोनों को रुकने के लिए कहा। लेकिन पुलिस को देख वह दोनों खेतों में घुस गई।
पुलिसकर्मी ने एक व्यक्ति को अपने साथ लेकर तलाश शुरू कर दी। दोनों गन्ने के खेत में डरी-सहमीं दुबकी बैठी थीं। उन्हें चौकी ले आया गया। चौकी प्रभारी ब्रह्मदत्त बिजल्वाण ने पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह हॉस्टल से अपने घर सीधडू गांव जा रही थीं। सूचना पर हॉस्टल का स्टाफ और वॉर्डन राशि शर्मा भी पुलिस चौकी पहुंच गईं।
तब तक स्कूल पीटीए अध्यक्ष नकली सिंह और दर्जनों ग्रामीण पुलिस चौकी में एकत्र हो गए। पुलिस ने दोनों छात्राओं को हॉस्टल की वॉर्डन राशि शर्मा की सुपुर्दगी में दे दिया। उधर, ग्रामीणों और अन्य छात्राओं के अभिभावकों ने प्रबंधन पर छात्राओं का शोषण करने का आरोप लगाकर हॉस्टल के बाहर हंगामा भी किया।
खानपुर पुरकाजी हाईवे पर लावारिस हालत मे मिलीं छात्राओं के मामले में पृथम दृष्ट्या छात्रावास प्रंबधन की लापरवाही सामने आ रही है।
सुनैना राणा, तहसीलदार, लक्सर
सोमवार को छात्रावास का निरीक्षण किया जाएगा। राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य और खाद्य विभाग की संयुक्त समिति की बैठक बुलाई जाएगी। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पूरण सिंह राणा, एसडीएम, लक्सर
मैं सोमवार को छात्रावास जाकर फिर से छात्राओं से मुलाकात करूंगी। उनकी समस्याएं सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दीप्ति यादव, उप शिक्षाधिकारी, खानपुर
लावारिस हालत में मिलीं छात्राओं के परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।
ब्रह्मदत्त बिजल्वाण, पुलिस चौकी प्रभारी, गोवर्धनपुर