ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, दो मौत, जीप खाई में गिरी, एक की मृत्यु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कूड़े से भरा ट्रक खांकरा के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक व क्लीनर की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का रेस्क्यू कर जिला अस्पताल भेज दिया है।
बृहस्पतिवार को ऋषिकेश से ट्रक रुद्रप्रयाग व अगस्त्यमुनि की कुछ दुकानों का राशन लेकर आया था। वापसी के दौरान तड़के करीब पांच बजे ट्रक खांकरा के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिसमें वाहन चालक राजेश (35) पुत्र प्रेम सिंह और अन्य सवार योगी कंडारी (38), निवासी ग्राम कुमड़ी, थाना अगस्त्यमुनि की मौके पर मौत हो गई। पुलिस को घटना की सूचना सुबह सात बजे मिली।
इसके बाद रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को सड़क तक लाया गया। कोतवाली में तैनात एसआई विजय प्रताप राही ने बताया कि दुर्घटना के बारे में मृतकों के परिजनों को भी अवगत करा दिया गया है। साथ ही वाहन के मालिक को भी दुर्घटना के बारे में सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं लग पाया है। प्रथम दृष्टता चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की संभावना जताई जा रही है।
बारात से लौट रही जीप खाई में गिरी, एक की मौत आठ घायल
बृहस्पतिवार देर रात्रि को नारायणबगड़ क्षेत्र के सोनला-कंडारा-भटियाणा मोटर मार्ग पर बारात से लौट रही एक टाटा सूमो भटियाणा गांव के समीप गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। जिन्हें 108 की मदद से सीएचसी कर्णप्रयाग लाया गया।
राजस्व उप निरीक्षक राजेश्वरी रावत ने बताया कि दुर्घटना में सैंज गांव निवासी नरेंद्र सिंह नेगी पुत्र जीत सिंह नेगी (36) की मौत हो गई है। जबकि महादेवी पत्नी बीरेंद्र सिंह (38) ग्राम कुश, रोशन लाल पुत्र कमला लाल (30) ग्राम कोठुली, शरद पुत्र गौर सिंह (25) ग्राम सैंज तथा वाहन चालक विनोद कांति पुत्र शिवराम (34) ग्राम चिरखून गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा मामूली रूप से घायल हुए मदन लाल पुत्र छोटे लाल (35), हीरा लाल पुत्र भूपाल लाल (35), राकेश लाल पुत्र दिल्लू लाल (34) सभी कोठुली गांव निवासी तथा बबलू पुत्र बलवीर सिंह (22) ग्राम बडगांव निवासी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पटवारी ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
व्यापारियों ने जताया दुख
युवा व्यापारी तथा ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह नेगी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत की खबर सुनते ही शुक्रवार को नारायणबगड़ में शौक की लहर छा गई। व्यापारियों ने शौक में अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर गहरा दुख जताया। दोपहर को गमगीन माहौल में उनकी अंत्येष्टि में सैकड़ों व्यापारी तथा क्षेत्र के लोग शामिल हुए। उनके निधन पर प्रमुख यशपाल नेगी, क्षेपंस मनजीत कठैत, व्यापार मंडल अध्यक्ष जयवीर कंडारी, विनोद मलेठा, दलीप नेगी ने गहरा दुख जताया है।