सायरा बानो ने कोर्ट परिसर में अपने शौहर को जड़ा थप्पड़, इसके पीछे थी ये वजह
तीन तलाक के खिलाफ लड़ने वाली सायरा बानो ने कोर्स परिसर में अपनी शौहर की एक हरकत पर थप्पड़ जड़ दिया। जानिए इसके पीछे की वजह।
न्यायालय में पेशी पर आए शौहर और उसके दोस्त की देख लेने की धमकी से बिफरी तीन तलाक की याचिकाकर्ता सायरा बानो पर कोर्ट परिसर में शौहर रिजवान को तमाचा जड़ने का आरोप लगा है। विवाद बढ़ने पर पुलिस कर्मी सायरा को अपने साथ ले गए।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। खबर लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। तीन तलाक के विरोध को लेकर चर्चा में आई आरटीएस डिपो हेमपुर निवासी सायरा बानो पुत्री इकबाल ने काशीपुर परिवार न्यायालय में चार जुलाई 2017 को अपने पति करेली (इलाहाबाद) निवासी रिजवान पुत्र इकबाल के विरुद्ध भरण पोषण वाद दायर किया था।
कोर्ट से बाहर निकलने के बाद सायरा और रिजवान के बीच नोकझोंक
उसने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए बच्चों से मिलवाने के लिए काशीपुर परिवार न्यायालय में अर्जी लगाई। इस मामले में परिवार न्यायालय ने रिजवान को तलब किया था। मंगलवार को रिजवान कोर्ट में पेश हुआ।
कोर्ट ने उसे 26 फरवरी को बच्चों को अदालत के सामने पेश करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने अगली सुनवाई की तिथि 26 फरवरी तय की है। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद सायरा और रिजवान के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि रिजवान के दोस्त अयाज ने सायरा को जान से मारने और बच्चों को भी देख लेने की धमकी दी तो सायरा ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर उपनिरीक्षक महेश्वर सिंह और सुप्रीया नेगी कोर्ट पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। उधर, रिजवान ने फैक्स से एसएसपी को शिकायत भेजकर सायरा, उसके पिता इकबाल, भाई शकील और एक पत्रकार पर मारपीट व धमकाने का आरोप लगाया है।