परिवहन निगम की बसों में यात्रियों को बेटिकट यात्रा कराना पड़ेगा महंगा, जारी हुआ नया फरमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से जिन रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है उन सभी रूटों पर अब 24 घंटे राउंड द क्लॉक चेकिंग होगी। महाप्रबंधक प्रशासन निधि यादव की ओर से इस संबंध में सभी मंडलीय प्रबंधकों व सहायक महाप्रबंधक को आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि सभी मंडलीय प्रबंधक अपने क्षेत्रों में यातायात निरीक्षकों की अगुवाई में तीन तीन टीमों का गठन कर सभी रूटों पर चेकिंग करें।
महाप्रबंधक की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक सभी जांच दल आठ-आठ घंटे लगातार सभी रूटों पर चेकिंग करेंगे। जब तक दूसरा जांच दल संबंधित रूट पर ड्यूटी नहीं संभाल लेता है तब तक पहला जांच दल मौके पर ही मौजूद रहेगा। सभी रूटों से गुजरने वाली बसों की चेकिंग की जा सके, इसके लिए सभी जांच दल को एक वाहन मुहैया कराने के आदेश जारी किए हैं।
मंडलीय प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वह हर 15 दिन में समीक्षा करें कि किस जांच दल ने कितनी बसों की जांच की, जांच के दौरान कितने बेटिकट यात्री पकड़े गए और कितना सामान बसों में अवैध तरीके से लाते हुआ पाया गया।
ज्ञात हो कि परिवहन निगम की बसों में बेटिकट यात्रा कराने व यात्रियों से साठगांठ कर बिना भुगतान किए सामान ढोने की शिकायतें मुख्यालय अधिकारियों को लगातार मिलती रही हैं। मुख्यालय स्तर पर कराई गई जांच में कई बार चालक-परिचालक यात्रियों को बेटिकट यात्रा कराते पकड़े गए। कई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की गई लेकिन प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा सका है।
दो दिन पूर्व प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने सभी मंडलीय प्रबंधकों को हिदायत दी थी कि सभी अधिकारी सप्ताह में तीन दिन परिवहन निगम की बसों में यात्रा कर यह सुनिश्चित करेंगे कि बसों में यात्री बिना टिकट यात्रा तो नहीं कर रहा है।