पंजाब में किसानों के विरोध से लौटी लाहौरी एक्सप्रेस, भड़के यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून से अमृतसर जाने वाली लाहौरी एक्सप्रेस रुड़की से ही लौट गई। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुस्साए यात्रियों ने रुड़की स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय अधिकारियों ने समझा बुझाकर उन्हें शांत कराया। साथ ही कुछ यात्रियों को किसान एक्सप्रेस को रोककर बैठाया गया, जबकि 150 से अधिक यात्रियों का किराया वापस किया गया।
बुधवार की रात करीब सवा ग्यारह बजे लाहौरी एक्सप्रेस दून से रुड़की पहुंची। यहां काफी देर तक रुकने के बाद यात्रियों को बताया गया कि अब ट्रेन आगे नहीं जाएगी। कारण कि अंबाला और लुधियाना के बीच किसानों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया है। इससे गुस्साए यात्रियों ने स्टेशन पर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथ ही ट्रेन को रवाना करने की मांग करने लगे। काफी देर तक शोर-शराबा के बाद स्टेशन पर स्थानीय अधिकारियों ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया।
इसके बाद बड़ी संख्या में यात्रियों को दूसरी ट्रेनों में रवाना किया गया, जबकि 150 से अधिक यात्रियों के टिकट वापस कर दिए गए। स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा का कहना है कि रेलवे मुख्यालय से करीब साढ़े दस बजे सूचना मिलने के बाद रुड़की में ही लाहौरी एक्सप्रेस को रोक दिया गया था।
जो करीब एक बजे वापस देहरादून चली गई। इससे पहले यहां बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए थे। ट्रेन रुड़की में रद्द होने के बाद जो यात्री आगे जाना चाहते थे, उन्हें दूसरी ट्रेनों से भेज दिया गया। साथ ही अन्य यात्रियों के टिकट रिफंड कर दिए गए।
पंजाब से आने वाली ट्रेनें रद
पंजाब में किसानों के आंदोलन को देखते हुए वहां से आने वाली ट्रेनों को रद कर दिया गया। वहीं आंदोलन की चिंगारी भड़कने के बाद रेलवे प्रशासन की ओर से बुधवार रात को लाहौरी एक्सप्रेस को रुड़की में रोककर वापस देहरादून लाया गया।
किसानों के आंदोलन के कारण अमृतसर से देहरादून को आने वाली लाहौरी एक्सप्रेस (24632) को बृहस्पतिवार को रद कर दिया गया। बाड़मेर से हरिद्वार तक आने वाली जोधपुर एक्सप्रेस(24888) को हरिद्वार और अंबाला के मध्य किया गया।
वहीं आंदोलन भड़कने की सूचना के बाद बुधवार रात पौने बारह बजे लाहौरी एक्सप्रेस को रुड़की रेलवे स्टेशन से वापस देहरादून को रवाना किया गया। इस दौरान रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार तड़के तीन बजे ट्रेन हरिद्वार पहुंची और उसके बाद देहरादून को रवाना हुई।
वहीं बृहस्पतिवार को देहरादून से अमृतसर जाने वाली लाहौरी एक्सप्रेस अपने समय पर रवाना हुई। वहीं महाराष्ट्र में रेलवे ट्रैक की मरम्मत के चलते बांद्रा एक्सप्रेस 11 अक्तूबर तक रद है। स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने बताया कि पंजाब में किसानों के आंदोलन को देखते हुए रेलवे मुख्यालय की ओर से ट्रेन रद की गई हैं। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का संचालन होगा।