पहली बार बाघ ने हमले के समय किया ऐसा, रेस्क्यू टीम भी रह गई हैरान
गुरुवार को रामनगर में बाघ के आतंक से हर कोई परेशान हो गया। लेकिन पहली बार बाघ को हमले के समय ऐसा करते देख रेस्क्यू टीम भी हैरान रह गई।
अभी तक मानव वन्य जीव संघर्ष में किसी भी वन्यजीव ने एक दिन में एक व्यक्ति पर ही पर हमला बोला था। लेकिन इस बार एक ही दिन में किसी बाघ ने दो लोगों को अपना निवाला बनाया है।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के बैलपडाव रेंज के दाबका नदी के पास एक बाघ ने बहु और ससुर को अपना निवाला बना लिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच बाघ को भगाने के लिए कई राउंड हवाई फायर किए लेकिन वह नहीं हटा। वनकर्मी जब जेसीबी की मदद से शवों के पास पहुंचे तो उसने जेसीबी पर भी हमला बोल दिया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद बाघ को टैंकुलाइज कर इलाज के लिए नैनीताल जू भेजा गया। दोनों शवों को संयुक्त चिकित्सालय में पंचनामा भरकर मोर्चरी में रख दिया गया है।
ग्राम कादिराबाद थाना संभल जिला मुरादाबाद निवासी रामदास अपने परिवार के साथ दाबका नदी में मजदूरी का काम करता है। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे रामदास अपनी पत्नी भगवती देवी के साथ तराई पश्चिमी वन प्रभाग के बैलपड़ाव रेंज के छोई बीट स्थित पश्चिमी चांदनी दाबका जंगल में लकड़ी लेने गया था। इस दौरान बाघ ने अचानक भगवती पर पीछे से हमला कर दिया। बाघ उसे घसीटकर जंगल में खींच ले गया।
यह देख उसके साथ गए लोगों ने शोर मचाया और फोन से अन्य लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने पर भगवती का चचिया ससुर लखपत भी थाली बजाता हुआ जंगल में उसकी तलाश करने लगा। इसी दौरान बाघ ने 40-50 लोगों की भीड़ में से लखपत पर हमला बोल दिया और उसको भी जंगल की ओर खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ कहकशां नसीम, नेहा वर्मा, एसडीओ बीएस शाही, कलम सिंह बिष्ट रेंजर शेखर तिवारी मौके पर पहुंचकर बाघ को भगाने के लिए कई राउंड हवाई फायर किए लेकिन वह शवों के पास से नहीं हटा।
शवों को कब्जे में लेने के लिए जेसीबी मंगाई गई। जेसीबी को नजदीक आता देख बाघ ने जेसीबी पर ही हमला बोल उसका शीशा तोड़ दिया। इस पर वनाधिकारियों ने नैनीताल जू से डा. योगेश भारद्वाज व कार्बेट पार्क से मथुरा सिंह मवाड़ी व एजी अंसारी को ट्रैकुलाइज करने के लिए बुलाया।
काफी देर के बाद बाघ को बमुश्किल बेहोश किया गया। डीएफओ कहकशां नसीम ने बताया कि कम क्षेत्र में बाघों की अधिक संख्या होने से टकराव की घटनाएं हो रही हैं। पकड़ा गया नर बाघ थोड़ा घायल है। मृतकों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।