Dehradun: दून अस्पताल में लिफ्ट फंसने से मची अफरा तफरी, आधे घंटे फंसे रहे तीन मरीज, डर से बिलखती रही महिला
दून अस्पताल में लिफ्ट में तीन मरीज आधे घंटे फंसे रहे। दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच लिफ्ट फंसी रही। कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे तीनों लोगों को रेस्क्यू किया गया।
विस्तार
दून अस्पताल की ओपीडी में दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच अचानक लिफ्ट फंसने से अफरा-तफरी मच गई। अंदर एक महिला समेत तीन मरीज करीब आधे घंटे तक फंसे रहे। तेज गर्मी के बीच महिला बाहर निकलने के लिए रोती रही। स्पेशल चाभी से लिफ्ट खोलकर सभी को बाहर निकाला गया। बाहर निकलने के बाद भी सभी डरे और सहमे हुए थे।
जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। चौथी मंजिल से चिकित्सक को दिखाकर भूतल पर दवाईयां लेने के लिए जा रहे थे। वे सभी स्टाफ के पास वाली छोटी लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। गलत बटन दबने की वजह से लिफ्ट दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच में फंस गई। अंदर फंसे मरीजों ने इमरजेंसी बटन दबाया तो सायरन बजने से कर्मचारियों को पता चला। इसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरीजों को रेस्क्यू करने के लिए कसरत शुरू की। पहले तो उन्हें लिफ्ट फंसने का कारण ही नहीं पता चल पाया।
वे अलग-अलग तरीकों को आजमाते रहे लेकिन कुछ नहीं हुआ। गर्मी की वजह से अंदर फंसे मरीज बाहर निकालने की गुहार लगा रहे थे। महिला रो रही थी। इसके बाद दूसरी और तीसरी मंजिल पर कर्मचारियों ने जाकर स्पेशल चाभी से दरवाजा खोला। अंदर फंसे मरीज से कुंडा ऊपर करवाया गया। इसके बाद दरवाजा खुल पाया। जैसे ही दरवाजा खुला अंदर फंसे लोग हड़बड़ाहट में बाहर निकले।
बार-बार लाइट जाने से लिफ्ट खुलने में लगा समय
लिफ्ट टेक्नीशियन दरवाजा खोलने के लिए पहले से तकनीकी उलझन में फंसे हुए थे, वहीं इस दौरान बार-बार बिजली जाने से भी नई परेशानी खड़ी हो गई। जानकारी के अनुसार इस बीच कई बार बिजली गई। इससे लिफ्ट खुलने में काफी समय लग गया। बिजली जाने के बाद जनरेटर शुरू होने में भी समय लग रहा था।
पिछले साल दिसंबर में भी लिफ्ट में फंस गए थे 12 लोग
अस्पताल में लिफ्ट फंसने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले साल 23 दिसंबर को दून अस्पताल के ओपीडी बिल्डिंग की लिफ्ट में 12 लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे थे। तब बिजली जाने से यह घटना हुई थी। इससे लोगों की जान सांसत में बनी रही। इससे पहले वर्ष 2020 में दो बार इस तरह की घटनाएं हुईं। इसमें एक बार छह लोग और दूसरी बार तीन लोग लिफ्ट में फंस गए थे। इसके बाद भी दून अस्पताल में लिफ्ट फंसने की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
-अगर लिफ्ट में फंसे तो ये करें
1- घबराहट हो या सांस लेने में तकलीफ होने पर लिफ्ट के फर्श पर बैठ जाएं
2- कंट्रोल पैनल पर घंटी के चित्र वाला बटन दबाएं
3- चिल्लाने के बजाए दरवाजा खटखटाएं
4- लिफ्ट के ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस को चालू रखें। इससे लाइट और हवा चालू रहेगी
5- जबरदस्ती बाहर निकलने की कोशिश न करें
6- छत से निकलने की कोशिश न करें
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: नया रिकॉर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही चारधाम यात्रा, अब तक 12.60 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन
घटना के संबंध में रिपोर्ट तलब की गई है। लिफ्ट के बाहर हमेशा एक कर्मचारी तैनात करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। मरीजों की सुरक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। -डॉ. गीता जैन, प्राचार्य, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज