बेटी-दामाद को मार डालने की धमकी मिली तो सदमे में आई मां ने दी अपनी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खटीमा निवासी एक युवक गांव की एक युवती को बहला फुसलाकर भगा ले गया तो युवती के परिजन युवक के घर आ धमके। वे उसकी मां को कथित तौर पर सल्फास की पुड़िया थमाकर धमकी दे गए कि यदि सोमवार तक उनकी बेटी घर नहीं लौटी तो वे उसकी बेटी-दामाद को मार डालेंगे।
इसी सदमे में महिला ने सोमवार सुबह सल्फास खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतक महिला की बेटी की तहरीर पर लड़की पक्ष की एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, परिजनों ने शाम को महिला का अंतिम संस्कार कर दिया है।
तीन लोग उसकी मां को सल्फास की पुड़िया देकर धमका गए
मृतक महिला की पूरनपुर (पीलीभीत) निवासी बेटी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई एक युवती को बहला फुसलाकर ले गया था। इससे भड़के युवती के परिजन आए दिन शिव कॉलोनी निवासी उसकी मां लज्जावती (40) को धमकाते थे और मारपीट करते थे।
उसने आरोप लगाया कि रविवार को तीन लोग उसकी मां को सल्फास की पुड़िया देकर धमका गए कि यदि कल (सोमवार) की सुबह तक उनकी लड़की घर नहीं लौटी तो सल्फास खाकर मर जाना, नहीं तो वे उसकी बेटी और दामाद को मार देंगे। इस धमकी से उसकी मां इतना डर गई कि उसने सोमवार सुबह सल्फास खा लिया।
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
स्थानीय लोग उसे तत्काल नागरिक अस्पताल ले गए जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर कोतवाल संजय पाठक, एसएसआई देवेंद्र गौरव ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। महिला की मौत को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली में हंगामा कर कोतवाल से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मृतका लज्जावती की पुत्री की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- कमला बिष्ट, पुलिस क्षेत्राधिकारी