दून अस्पताल परिसर की न्यू ओपीडी बिल्डिंग की बाहरी दीवार महादानी ऋषि दधीचि को समर्पित होगी। दीवार का विशेष सौंदर्यीकरण भी होगा। विश्व अंगदान दिवस पर मंगलवार को दधीचि देहदान समिति, देहरादून ने गांधी पार्क से दून अस्पताल परिसर तक अंगदान जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम में ओपीडी की बाहरी दीवार को दधीचि दीवार का नाम देते हुए दधीचि एवं 31 देहदानियों के नाम समर्पित किया गया। दीवार के नामपट का लोकार्पण राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने किया। उन्होंने इस दीवार का सौंदर्यीकरण अपनी सांसद निधि से कराने की भी घोषणा की। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सायना, दून राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डाॅ. गीता जैन, शरीर रचना विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. महेंद्र कुमार पंत और डाॅ. राजेश मौर्य ने देह एवं अंगदान का महत्व बताया। लोगों से अंगदान करने की अपील भी की। समिति के अध्यक्ष डाॅ. मुकेश गोयल ने बताया कि देहरादून में समिति की स्थापना से अब तक गत ढाई वर्षों में लगभग 350 से अधिक महादानियों ने अपने देह, अंग व नेत्रदान का संकल्प लिया है। महासचिव एडवोकेट नीरज पांडेय ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में देह, अंग व नेत्रदान के लिए आम जनमानस को प्रेरित करने के लिए सभी मेडिकल कॉलेज में दधीचि दीवार की स्थापना करने जा रही है। जागरूकता रैली में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, महंत इंद्रेश मेडिकल कॉलेज, उत्तरांचल आर्युवेदिक कॉलेज, शिवालिक इंस्टीट्यूट आफ आर्युवेद एंड रिसर्च, सांई पैरामेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।