अब 25 से 27 फरवरी तक होगा टिहरी झील महोत्सव, 13 देश करेंगे शिरकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि टिहरी झील को पर्यटन हब बनाने के लिए प्रदेश सरकार हर वर्ष 25 से 27 फरवरी तक टिहरी झील महोत्सव आयोजित करेगी। इस वर्ष झील महोत्सव में 13 देशों के लोग प्रतिभाग करेंगे।
जल्द ही झील महोत्सव का नोटिफिकेशन जारी होगा। झील में सी प्लेन उतारने के लिए नीति तैयार कर ली गई है। कृषि कल्याण योजना के तहत महिला समूहों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर पांच लाख तक का ऋण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी के मैदान में अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के शुभारंभ पर बोल रहे थे। इस दौरान सीएम ने टिहरी जिले में 221 करोड़ 81 लाख की 89 योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
सीएम ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश के 23 लाख परिवारों को स्वास्थ्य लाभ देने की योजना है। अब तक तीन लाख 77 हजार 744 लोगों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं। 122 लोग योजना का लाभ भी ले चुके हैं।
कहा प्रतापनगर की लाइफ लाइन डोबरा-चांठी पुल पांच-छह माह के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। पुल निर्माण के लिए सरकार ने 87 करोड़ की धनराशि जारी की है। वर्ष 2022 तक प्रदेश में 200 पुलों का निर्माण किया जाएगा। इस वर्ष 125 पुलों का निर्माण किया जाना है। टिहरी जिले के 40 अस्पतालों को टेली मेडिसन सेवा से जोड़ने पर डीएम को बधाई दी।
जिले के प्रभारी मंत्री और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रदेश सरकार ने वर्ष 2019 को रोजगार वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। मार्च से पहले विभिन्न विभागों में रिक्त 10 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी हो जाएगी।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि आयुष्मान योजना शुरू होने से पैसे के अभाव में अब किसी की अकाल मौत नहीं होगी। योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को पांच लाख का अस्पतालों में नि:शुल्क उपचार मिलेगा। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने बागवान पेयजल पंपिंग योजना पुनर्गठन के लिए 22 करोड़ की स्वीकृति देने पर सीएम का आभार जताया।
इस मौके पर प्रतापनगर विधायक विजय सिंह पंवार, घनसाली के शक्ति लाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, टीएचडीसी के अधिशासी निदेशक एसआर मिश्रा, जीएमवीएन के अध्यक्ष महावीर रांगड़, दायित्वधारी ज्ञान सिंह नेगी, कुसुम कंडवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, महामंत्री दिनेश डोभाल, विनोद रतूड़ी, ब्लॉक प्रमुख मस्ता नेगी, बेबी असवाल, रविंद्र सेमवाल, विक्रम कठैत आदि उपस्थित रहे।