कंपनी में शेयर ऑफर के नाम पर 23 लाख की ठगी, वित्त मंत्रालय में अधिकारी बताते हुए लगाई चपत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कंपनी में लाखों का शेयर ऑफर दिलाने के नाम पर एक रिटायर्ड कर्मचारी को ठग लिया गया। पांच लोगों ने खुद को दिल्ली वित्त मंत्रालय में अधिकारी बताते हुए उससे लाखों की ठगी कर ली। पीड़ित कर्मचारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांचों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में दिल्ली वित्त मंत्रालय का नाम सामने आने से पुलिस मामले में सावधानी बरत रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला सोत निवासी इस्लाम अहमद वारसी मंडी समिति से रिटायर हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 20 मई 2015 को उनके पास एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को नई दिल्ली में वित्त मंत्रालय का अधिकारी बताया था। साथ ही, कोल इंडिया एडवेंटेज में शेयर के ऑफर जानकारी दी थी। कहा था कि अगर उन्हें ऑफर चाहिए तो वह एक सार्वजनिक ऑफर का फार्म भरना होगा।
उसने यह फार्म भरने के बाद उनके खाते में शेयर ऑफर की करीब 60 लाख की रकम 26 मार्च, 2019 तक पहुंच जाने का दावा किया था। यह भी कहा था कि उन्हें ऑफर का लाभ लेने के लिए कंपनी के खाते में समय-समय पर कुछ रकम जमा करनी होगी। सिलसिला यहीं नहीं रुका। इस बीच उनके पास वित्त मंत्रालय के नाम से पांच लोगों ने कॉल की और खुद को अलग-अलग विभाग का अधिकारी बताया।
पहली कॉल केपी आहूजा, अधिकारी मैनेजमेंट सिक्योरिटी विभाग वित्त मंत्रालय (नई दिल्ली) के नाम से आई थी और उसने चेक से 2.86 लाख रकम कुरियर के जरिये दिल्ली के एक पते पर भेजने की बात कही। इस पर उन्होंने कुरियर से चेक भेज दिया। इसके बाद विराज डोगरा, वरिष्ठ अधिकारी लेखा अधिकारी, वित्त मंत्रालय भारत सरकार (नई दिल्ली) के नाम से कॉल आई। इस कॉल के बाद उन्होंने 98 हजार एक खाते में जमा कराए।
तीसरी बार कॉल सुनील दुग्गल, एरिया ऑफिसर, वित्त मंत्रालय फंड रीलिजिंग विभाग (नई दिल्ली) के नाम से आई। उसके कहने पर उन्होंने खाते में 7.50 लाख रुपये डलवाए। चौथी बार विक्रम सिंह वर्धमान, आरबीआई अधिकारी वेरीफिकेशन विभाग (नई दिल्ली) के नाम से कॉल आई। इस बार अधिकारी ने उनसे खाते में चार लाख रुपये डलवाए। इसके बाद पांचवीं कॉल अजय त्यागी, एरिया ऑफिसर वित्त मंत्रालय भारत सरकार (नई दिल्ली) के नाम से आई। इस कॉल के बाद उन्होंने सात लाख रुपये अलग-अलग खाते में डाले। इस तरह उनसे 23.34 लाख की रकम अलग-अलग खातों में डलवाई गई।
उन्हें 26 मार्च, 2019 तक उनके खाते में शेयर आफर के 60 लाख रुपये डालने का भरोसा दिलाया गया। निर्धारित समय तक रुपये खाते में नहीं आए तो उन्होंने उनके नंबर पर कॉल की। इस पर पांचों का नंबर बंद आया। उन्होंने कई बार नंबर मिलाए, लेकिन हर बार नंबर बंद मिले। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांचों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।