कॉकटेल पार्टी में चल रही थी फायरिंग, दारोगा को लगी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉकटेल पार्टी में हर्ष फायरिंग के दौरान शहर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक आरएस खोलिया गोली लगने से घायल हो गए। मैक्स अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। लाइसेंसी असलहे से हुई फायरिंग के दौरान यह गोली लगी है। पुलिस ने केस दर्ज कर रुड़की के शस्त्र धारक को चिह्नित कर लिया है।
पुलिस अब शस्त्र लाइसेंस को कब्जे में लेकर निरस्त करने की कार्रवाई करेगी। हालांकि इस मामले में पुलिस की सीधे तौर पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। कुछ लोग इसके पीछे दारोगा का होना और ऊंची पहुंच को वजह बता रहे हैं।
डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के करनपुर में सोमवार रात शादी से पहले कॉकटेल पार्टी आयोजित की गई, जिसमें शहर के संभ्रात लोगों के साथ राजनीति और पुलिस से जुड़े लोग भी मौजूद थे।
दारोगा के घायल होते ही मची अफरातफरी
शहर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक आरएस खोलिया भी संबंधों के चलते पार्टी में गए थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। इसी बीच एक गोली खोलिया के पैर को चीरते हुए निकल गई। दारोगा के घायल होने पर पार्टी में अफरातफरी मच गई। घायल दारोगा को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पाते ही एसएसपी डॉ. सदानंद दाते और शहर कोतवाल अस्पताल पहुंच गए। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए डालनवाला कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जिस परिवार में शादी है, वो प्रदेश के एक मंत्री का करीबी बताया गया है।
मालूम हो कि इससे पहले प्रेमनगर में एक सिपाही की घुड़चढ़ी के दौरान चली गोली से एक युवक की मौत हो गई थी। उस समय आईजी संजय गुंज्याल ने हर्ष फायरिंग के खिलाफ सख्त आदेश दिए थे। इसके बावजूद पुलिस की मौजूदगी में हर्ष फायरिंग पर सवाल उठने लाजिमी है।