अगस्त्यमुनि: पेट्रोल की बोतलें लेकर आत्मदाह करने कॉलेज की छत पर चढ़े छात्र, सात गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नामांकन रद्द होने की आशंका के चलते छात्रसंघ चुनाव स्थगित करने की मांग को लेकर अनुसूया प्रसाद बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अग्स्त्यमुनि में शनिवार कोे छात्र नेताओं ने जमकर हंगामा किया। निवर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु भट्ट समेत आठ छात्र नेता चुनाव स्थगित करने की मांग को लेकर कॉलेज के प्रशासनिक भवन की छत पर चढ़ गए।
कॉलेज प्रबंधन और पुलिस प्रशासन ने उन्हें मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। दिनभर चली मशक्कत के बाद शाम को प्राचार्या डा. कमला चान्याल ने 31 को होने वाले चुनाव को स्थगित करने की घोषणा कर दी, लेकिन छात्र फिर भी नहीं माने। अब उनका आरोप था कि कॉलेज प्रशासन छात्रों को बांटने का काम कर रहा है। इस दौरान छत पर चढ़े एक छात्र नेता अनूप सिंह ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया तो वहां हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में सीढ़ी लगाकर पुलिस छत पर चढ़ी और छात्र को नीचे उतार कर अस्पताल ले गई। इसके बाद अन्य छात्र भी नीचे उतर आए। कॉलेज प्रशासन से उनकी वार्ता हुई। हंगामा बढ़ने पर सीओ श्रीधर बडोला इन छात्रों को हिरासत में लेकर अगस्त्यमुनि थाने ले गए, जहां खबर लिखी जाने के वार्ता जारी थी। बडोला ने बताया कि छात्रों ने अपने जीवन केे खतरे में डालने का प्रयास किया, जो कानूनन अपराध है। इस संबंध में उनसे पूछताछ की जाएगी।
शनिवार को पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होनी थी, लेकिन प्रात: 10 बजे से ही परिसर में स्थिति तनावपूर्ण रही। नारेबाजी के साथ छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाया कि गलत स्कोरिंग के कारण कई प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हो सकते हैं। इसके बाद निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु भट्ट, अनिल सिंह, सूरज सिंह, अनिल आर्य, अनूप सिंह, चंद्रकांत, पीयूष और मनीष पेट्रोल की बोतलें लेकर कॉलेज के मुख्य प्रशासनिक भवन की छत पर चढ़ गए।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर छात्रों को अलग-अलग धड़ों में बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कॉलेज प्रबंधन चुनाव स्थगित नहीं करेगा तब तक वे छत से नहीं उतरेंगे। पुलिस और कॉलेज प्रबंधन उन्हें मनाने का प्रयास करता रहा, लेकिन छात्रनेता नहीं माने। जब पुलिस ने उन्हें उतारने के लिए सीढ़ी लगाई तो छात्रों ने कूदने और पेट्रोल छिड़कर खुद को आग लगाने की धमकी दे डाली। इस पर पुलिस पीछे हट गई।
प्राचार्या डा. कमला चान्याल, सीनियर प्रोफेसर डा. पीसी जगवाण, एसडीएम मुक्ता मिश्रा, सीओ श्रीधर प्रसाद बडोला छात्र नेताओं और उनके समर्थकों से बातचीत करते रहे, लेकिन कोई हल नहीं निकला। शाम को अपर जिलाधिकारी तीरथ पाल सिंह भी कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने आंदोलनरत छात्र नेताओं से वार्ता कर छत से उतरने की अपील की, लेकिन छात्र नेता छात्रसंघ चुनाव स्थगित करने की मांग पर अडे़ रहे।
करीब शाम साढ़े छह बजे प्राचार्या डा. चान्याल ने छात्रसंघ चुनाव स्थगित करने की घोषणा क र दी, लेकिन फिर भी छात्र नेता नहीं माने। कॉलेज प्रशासन पर छात्रों को बांटने का आरोप लगाते हुए छात्र नेता अनूप सिंह ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। सीढ़ी लगाकर आनन-फानन में पुलिस छत पर गई और छात्र के नीचे ले आई। पुलिस ने छात्र को सीएचसी अगस्त्यमुनि में भर्ती करा दिया। इसके उपरांत अन्य साथ छात्र नेता भी शाम सात बजे के बाद छत से नीचे उतर आए जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर नियमों के तहत पूरी प्रक्रिया का संपादन किया जा रहा था, लेकिन छात्रों के हंगामे कोे देखते हुए 31 अगस्त को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को स्थगित कर दिया गया है। अगली तिथि जल्द घोषित की जाएगी। छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति के नियमों के तहत कराए जाएंगे।
- डा. कमला चान्याल, प्राचार्य पीजी कालेज अगस्त्यमुनि