उत्तराखंड: दो अलग-अलग जगह नदी में डूबे छात्र और किशोर, एक का शव बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में रविवार को मसूरी और चंपावत में एक छात्र और एक किशोर नदी में डूब गए। किशोर का शव रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया है जबकि छात्र की तलाश जारी है।मसूरी में गर्मी से राहत पाने के लिए यमुना नदी में नहाने आए पांच युवकों में से एक युवक नदी में डूब गया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के रेस्क्यू में अंधेरें ने रुकावट डाल दी जिस कारण रेस्क्यू नहीं हो सका।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार करीब 2:00 बजे विकास नगर क्षेत्र के पांच युवक नहाने के लिए यमुना नदी में आए थे। जिसमें से एक युवक पुनीत बंसल पुत्र अनुज बंसल (19) निवासी रुद्रपुर थाना सहसपुर जिला देहरादून का पैर फिसलने से वह पानी के तेज बहाव में बह गया और उसका कोई पता नहीं चला।
बताया जा रहा है कि पुनीत आईटीआई विकासनगर का छात्र है। पुनीत अपने बड़े भाई नवनीत बंसल पुत्र अनुज बंसल (35) निवासी तदेव मयंक गुप्ता पुत्र आशीष गुप्ता (26) निवासी सहसपुर जिला देहरादून, शिवम बंसल पुत्र प्रवीण बंसल निवासी हरबर्टपुर थाना विकासनगर जिला देहरादून, (शिवम कक्षा 12 का छात्र है) व मुकुल गुप्ता पुत्र आशीष गुप्ता (26) निवासी सेलाकुई थाना सहसपुर जिला देहरादून के साथ यमुना नदी में आया था। बताया जा रहा है कि मुकुल गुप्ता विदेश में होटल में काम करता है।
पुलिस ने बताया की पांचों युवक स्विफ्ट डिजायर uk07 बीबी 6280 से यमुना पुल आए थे। बताया जा रहा है कि पुनीत की चप्पल पानी में बहने लगी जिसे पकड़ने के लिए पुनीत नदी के तेज बहाव की ओर दौड़ा उसका पैर फिसला और वह नदी में बह गया, जिसका देर रात तक कोई पता नहीं चला। घटना के बाद उसके अन्य साथी घबराए हुए है।
शारदा नदी में डूबने से किशोर की मौत
चंपावत में परिजनों के साथ शारदा नदी में स्नान को गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। उसकी मां का रो-रो कर बुरा हाल है। टनकपुर के वार्ड संख्या 3 निवासी अंकित सक्सेना (16) पुत्र वीर बहादुर सक्सेना बरेली से आए अपने मामा राहुल और उनके मित्रों के साथ शारदा घाट के उत्तरी छोर स्थित हनुमानगढ़ी के निकट नदी में नहा रहा था। नहाते हुए अचानक गहराई में जाने के कारण अंकित डूबने लगा।
परिजनों ने तत्काल पुलिस तैराकों को सूचित किया। पुलिस तैराक गौरव दुर्गापाल आदि ने जैसे-तैसे उसे पानी से बाहर निकाला। अंकित को तुरंत संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां डा. घनश्याम तिवारी ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर राधेहरि इंटर कॉलेज का छात्र था जिसने हाई स्कूल की परीक्षा दी थी। उसके पिता मजदूरी करते हैं, जबकि मां सरिता लोगों के घरों में काम करती है। अंकित के दो छोटे भाई और एक बहन है।
परिजनों को समझाकर पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम
शारदा नदी में डूबने से मृत अंकित के परिजन शव का पोस्टमार्टम नही कराना चाह रहे थे। वे बिना पोस्टमार्टम के शव की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन के काफी समझाने के बाद वे पोस्टमार्टम कराने को तैयार हो गए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसआई योगेश दत्त ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही ज्ञात हो पाएगा।
मां का सहारा बनने की थी तमन्ना
अंकित होनहार था। वह हाईस्कूल के बाद पढ़ाई के साथ ही कोई काम कर मां को आराम देना चाहता था। वह अक्सर मां का सहारा बनने की बात कहता था। उनके घर के हालात भी ठीक नहीं है।