देहरादून में दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष: दशहरा ग्राउंड में नुकीली वस्तु से हमला, मुजफ्फरनगर का युवक गंभीर
देहरादून के प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड में शनिवार शाम दो दोस्तों के बीच मामूली विवाद हिंसक हो गया। मुजफ्फरनगर निवासी युवक ने अपने साथी के पेट में नुकीली वस्तु से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
विस्तार
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के दशहरा ग्राउंड में शनिवार शाम दो दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। मुजफ्फरनगर से घूमने आए एक युवक ने अपने ही साथी के पेट में किसी नुकीली वस्तु से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि दशहरा ग्राउंड में एक युवक के पेट में नुकीली चीज से वार कर उसे घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल की पहचान कृष्णा मलिक (25) निवासी ग्राम कज्जीखेड़ा, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घायल के परिजनों को सूचित कर दिया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य माध्यमों से भी आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रेमनगर पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जाएगा। मामले में तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।