नेपाल सीमा से घुस सकते हैं संदिग्ध, हाई अलर्ट पर एसएसबी
गणतंत्र दिवस के तहत एसएसबी को सीमा पर खासा चौकन्ना रहने को कहा गया है। बनबसा से सटी नेपाल सीमा पर एसएसबी की नियमित पेट्रोलिंग जारी है। नेपाल से संदिग्ध, अनजान, अपराधियों और अवैध सामग्रियों के प्रवेश पर एसएसबी की पैनी नजर है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना ने बनबसा सीमा पर स्थित एफ कंपनी और धनुषपुल स्थित डी कंपनी को खासा चौकन्ना रहने को कहा है। उन्होंने एसएसबी जवानों को सीमा क्षेत्र पर नियमित पेट्रोलिंग कर रिपोर्ट भेजने की जिम्मेदारी दी है।
नेपाल सीमा से संदिग्धों के घुसपैठ की आशंका के चलते एसएसबी जवान जंगलों की खाक छानकर चोर और खुफिया मार्गों पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। एसएसबी 57वीं वाहिनी एफ कंपनी के प्रभारी कमांडर निरीक्षक सी मघेश ने बताया कि नेपाल के जिमुआ से गढ़ीगोठ तक भारत-नेपाल सीमा पर नियमित पेट्रोलिंग और सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है।
डी कंपनी के कमांडर निरीक्षक कलजी सोढ़ा ने बताया कि बंगाली बस्ती बीओपी से गढ़ीगोठ और यूएस नगर जिले (खटीमा) की सीमा तक एसएसबी जवान सघन पेट्रोलिंग कर रहे हैं। कमांडेंट राना ने बताया कि उत्तराखंड में होने वाले चुनाव तक एसएसबी को सीमा पर खास तौर पर सतर्क रहने के निर्देश हैं।
आठ लाख का तस्करी का समान पकड़ा
सशस्त्र सीमा बल 57वीं वाहिनी की बी कंपनी सिमलघाट के चौकी प्रभारी भवान सिंह के दिशा निर्देशन में जवानों ने आठ लाख से अधिक के सामान संग एक तस्कर को पकड़ लिया। रविवार सुबह जवान पीलर संख्या 800-13 के निकट स्थित पूर्णागिरी घाट के पास गश्त पर थे।
इस दौरान उन्हें बाइकों के आने की आहट मिली, जिसपर जवानों ने घेराबंदी की। इसकी भनक लगने पर तस्कर सामान छोड़कर भाग गए। जवानों ने तस्करों का पीछा कर नगरा तराई निवासी सरवन सिंह को पकड़ लिया।
जवानों ने उनके कब्जे से 320 माइक्रोमैक्स के मोबाइल सेट, 570 पैकेट पुकार गुटका, दो बाइक बरामद की, जिसकी कीमत लगभग आठ लाख रुपए आंकी गई है। एसएसबी ने बरामद सामान और तस्कर को कस्टम के सुपुर्द कर दिया।