हिमपात के बाद पहाड़ी इलाकों में मौसम सुहावना, ठंड बढ़ी, केदारनाथ में 40 मिनट हुई बर्फबारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुरुवार को हुई बर्फबारी से राज्य में ठंड बढ़ गई है। चारधाम की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। गुरुवार को मौसम के अचानक करवट बदलने के बाद शुक्रवार सुबह राज्य के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में चटख धूप खिली रही।
राजधानी देहरादून में मौसम साफ है। चमोली जिले में भी मौसम सामान्य है और यहां धूप खिली है। बर्फबारी से बदरीनाथ धाम के सौंदर्य में निखार आ गया है। नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से चटख धूप खिली है। यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में मौसम साफ है। घनसाली क्षेत्र में बादल छाए हैं। केदारनाथ से रुद्रप्रयाग तक धूप खिली हुई है। श्रीनगर में हल्की धूप खिली है।
केदारनाथ में 40 मिनट हुई बर्फबारी
केदारनाथ में शुक्रवार को दोपहर बाद कुछ देर हल्की बर्फबारी हुई, जिससे मंदिर परिसर व केदारपुरी ने पुन: सफेद चादर ओढ़ ली है। वासुकीताल व चोराबाड़ी क्षेत्र में देर शाम तक बर्फबारी होती रही। शुक्रवार को केदारनाथ में सुबह से मौसम साफ था।
इस दौरान चटक धूप खिली रही, जिस कारण यहां जमा बर्फ तेजी से पिघलने लगी, लेकिन दोपहर बाद तीन बजे से यहां मौसम ने करवट बदल ली और कुछ ही देर में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई, जो करीब 40 मिनट तक रही। इसके बाद भी यहां घने बादल छाए रहे।
वुड स्टोन के टीम प्रभारी मनोज सेमवाल ने बताया कि धाम में मौसम खराब होने के कारण बीते एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही तापमान में दोपहर बाद से गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि धाम में अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम माइनस पांच डिग्री रहा। ब्यूरो
मौसम ने गुरुवार को अचानक करवट बदल
राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम ने गुरुवार को अचानक करवट बदल ली। सुबह से हल्का कोहरा और बादल छाए रहने से मौसम में ठंडक रही। देर शाम बारिश शुरू हुई तो पारा गिर गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड जोर पकडे़गी।
दूसरी ओर चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के बदले मिजाज से सावधान रहने की जरूरत है। दून अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. केसी पंत ने बताया कि इस मौसम में एहतियात बरतें। सुबह शाम गर्म कपड़े पहनने के साथ ही बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल न चलाएं। वरना ठंड लग सकती है। सिरदर्द भी हो सकता है। ठंड से पेट दर्द से भी जूझना पड़ सकता है। बुजुर्गों और बच्चों की खास देखभाल की जरूरत है।