एबीवीपी के सम्मेलन में पहुंचे शिफूजी शौर्य, बोले-जेएनयू हिंसा में शामिल लोगों को न बख्शा जाए
- एबीवीपी के प्रांतीय सम्मेलन में पहुंचे मिशन प्रहार के संस्थापक शिफूजी शौर्य
- बोले- जेएनयू हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को न बख्शा जाए
विस्तार
मिशन प्रहार के संस्थापक ग्रैंड मास्टर शिफूजी शौर्य ने कहा कि देश को तोड़ने वाले, तिरंगे का अपमान करने वाले कभी भी देशभक्त नहीं हो सकते। उन्होंने यह बात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रांतीय अधिवेशन के दूसरे दिन कही।
शिफूजी ने सीएए व एनआरसी के खिलाफ हो रहे विरोध पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हिंसा फैलाने वाले, तिरंगे का अपमान करने वालों को कभी माफ नहीं किया जा सकता। उन्होंने जेएनयू हिंसा में शामिल किसी भी छात्र संगठन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जेएनयू शिक्षा का मंदिर है। इसे देशविरोधी ताकतों का अड्डा बनने से रोकना न केवल पुलिस बल्कि हम सबकी जिम्मेदारी है।
शिफूजी शौर्य ने कहा कि उत्तराखंड की पांच लाख छात्राओं और पांच लाख युवाओं को सेल्फ डिफेंस से लेकर स्वस्थ रहने के लिए प्रशिक्षण देने को तैयार हैं। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के शीर्ष नेताओं के समक्ष प्रस्ताव रखा। शिफूजी शौर्य जल्द ही फिल्म बागी-3 में नजर आएंगे।
बता दें कि शिफूजी शौर्य भारद्वाज एक भारतीय फ्रीलांस कमांडो ट्रेनर, चीफ एक्शन डिजाइनर, एक्शन कोरियोग्राफर, अभिनेता, व्यवसायी, लेखक, कवि, सैन्य मार्शल आर्ट हैं। उन्होंने बागी से अभिनय की शुरुआत की थी। बागी-2 में वह दमदार भूमिका में नजर आए थे।