शर्मनाक: ससुर ने बहू से करना चाहा दुष्कर्म तो कहीं मामा ने युवती पर डाली बुरी नजर
एक अधेड़ ने रिश्ते को शर्मसार करते हुए अपनी पुत्रवधू को खाने में नशीली दवाई मिलाकर उसे बेहोश कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पुत्रवधू की अचानक आंख खुल गई तो उसने विरोध किया। आरोपी ने पुत्रवधू के साथ मारपीट कर दी और महिला के शोर मचाने पर घर से फरार हो गया। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पति को दी। साथ ही कोतवाली पहुंचकर आरोपी ससुर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक महिला और उसका ससुर घर पर अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। आरोप है कि खाने में ससुर ने नशीली दवाई मिला दी। यह खाना महिला ने खा लिया और वह अपने कमरे में सोने चली गई। आरोप है कि कुछ देर बाद महिला का ससुर उसके कमरे में जा पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा।
इस बीच महिला की आंख खुल गई तो उसने विरोध किया। आरोप है कि इस पर ससुर ने महिला के साथ मारपीट कर दी। शोर मचाने पर आरोपी घर से फरार हो गया। महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को दी। साथ ही बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को ससुर के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला के ससुर के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही महिला का मेडिकल कराया गया है। महिला के ससुर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
युवती ने मामा पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
वहीं, एक युवती ने अपने रिश्ते के मामा पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि वह घर पर अकेली थी, इसी दौरान मामा घर में आया और उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया। युवती ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मोहल्ला निवासी एक युवती ने बताया कि वह घर पर अकेली थी। इस बीच उसके रिश्ते के मामा घर पहुंचे। मामा ने पहले घर के हर सदस्य के बारे में जानकारी ली। इसके बाद आरोपी मामा युवती के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने के बाद भी वह नहीं माना। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट करने की धमकी देते हुए जबरन पकड़ लिया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
इस पर युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। युवती ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। घटना के बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे, इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद बृहस्पतिवार को युवती ने परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिस युवक पर आरोप लगाया है, उसकी तलाश की जा रही है। युवक से मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।