देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता खेलोत्सव का खिताब स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के नाम रहा। मैनेजमेंट की टीम फुटबॉल का फाइनल मुकाबला जीत खेलोत्सव की ओवरऑल चैंपियन बन गई। खेलोत्सव के समापन के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में दून विवि की कुलपति डॉ. सुरेेखा डंगवाल ने बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। कार्यक्रम में छात्र मोनू रोहिला ने गणेश वंदना पर मनमोहक प्रस्तुति दी। जबकि छात्र स्वर्णजीत सिंह ने माई तेरी चुनरिया लहराई... गीत की शानदार प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। छात्रों को संबोधित करते हुए दून विवि की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन ग्रुप की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य व चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में बड़ी सेवा की जा रही है। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद अब उच्च शिक्षा का प्रसार इस कड़ी में अहम भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. यू़एस रावत ने कहा कि खेलकूद आयोजनों के माध्यम से छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। खेलोत्सव-2021 में छात्र-छात्राओं ने जोश, उत्साह, उमंग और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इससे पहले फुटबॉल के फाइलन मुकाबले में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की टीम ने स्कूल नर्सिंग को 2-0 से पराजित कर खिताबी जीत दर्ज की। वहीं 100 मीटर बालक वर्ग दौड में रोहित सुन्दरियाल व बालिका वर्ग में रिया नौटियाल अव्वल रहे। 400 मीटर रिले रेस बालक वर्ग का खिताब स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज के नाम रहा, 400 मीटर रिले रेस बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने खिताबी जीत दर्ज की। रस्साकशी बालक वर्ग में स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर ने खिताब जीता। इस अवसर पर डॉ. आशीष कुलश्रेष्ठ, डॉ. अनिल थपलियाल, डॉ. अलका चौधरी, डॉ. कुमुद सकलानी, डॉ. विपुल जैन, डॉ. मनीषा सिंह, डॉ. मालविका सिंह, डॉ. रामालक्ष्मी, डॉ. पारुल गोयल आदि मौजूद रहे।