अनुसूचित जाति की 13 साल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी ने तेजाब पीकर दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में अल्मोड़ा के के एक गांव में अनुसूचित जाति की 13 वर्षीय किशोरी से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में नामजद मुख्य आरोपी ने बृहस्पतिवार को तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली।
आरोपी ने दो दिन पहले ही बेटे का विवाह कराया था। धौलछीना तहसील क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी के साथ पांच लोग पिछले एक साल से दुराचार कर रहे थे। आरोपियों में एक अधेड़, दो सगे भाई और पिता-पुत्र शामिल थे।
इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई थी। मामले का खुलासा दो दिन पहले तब हुआ जब किशोरी को पेट में दर्द होने पर महिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उसका गर्भपात हो गया था।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने किशोरी द्वारा बताए गए पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामला राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बुनना शुरू कर दिया था।
इधर, मुख्य आरोपी ने बृहस्पतिवार को तेजाब पी लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर शाम तक मृतक की पहचान को लेकर संशय बना रहा लेकिन बाद में प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में इस बात की पुष्टि कर दी गई कि तेजाब पीकर मरने वाला व्यक्ति ही दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी था। पुलिस के अनुसार मामले में नामजद शेष आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द हो जाएगी।