एसबीआई ने पेंशनधारकों को किया अलर्ट, दो दिन में ऐसा न किया तो पेंशन हो जाएगी बंद
- 30 नवंबर तक हर हाल में जमा कराना होगा लाइफ सर्टिफिकेट
- देहरादून शहर में ही 20 हजार से ज्यादा है पेंशनधारकों की संख्या
विस्तार
दो दिन के भीतर अगर पेंशनधारकों ने जीवित होने का प्रमाण न दिया तो उनकी पेंशन बंद हो जाएगी। देहरादून में भारतीय स्टेट बैंक ने सभी पेंशन खाताधारकों को इसके लिए चेताया है। हर साल पेंशनधारकों को यह सर्टिफिकेट जमा कराना पड़ता है।
यह बैंक की किसी भी शाखा के अलावा ऑनलाइन भी अपलोड किया जा सकता है। उत्तराखंड में सबसे ज्यादा पेंशन खाते एसबीआई के पास हैं। एसबीआई के अधिकारी एए सिद्दीकी ने बताया कि 30 नवंबर तक लाइफ सर्टिफिकेट किसी भी ब्रांच में जाकर जमा कराया जा सकता है।
यहां जमा करना होगा लाइफ सर्टिफिकेट
जीवित होने का प्रमाण पत्र एसबीआई बैंक की ब्रांच या अपने पास के आधार सेंटर या कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए जमा कर सकते हैं। यह प्रमाण पत्र ऑनलाइन भी जमा कराया जा सकता है।
ऐसे जमा कर सकते हैं सर्टिफिकेट
अगर पेंशनधारक खुद नहीं आ सकते हैं तो घर के किसी अन्य व्यक्ति को भेजकर भी लाइफ सर्टिफिकेट जमा करा सकते हैं। जो पेंशनर बैंक नहीं जा सकते, वह किसी मजिस्ट्रेट या राजपत्रित अधिकारी से साइन कराकर अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करा सकते हैं।
बैंक से ऐसे भी बनवा सकते हैं लाइफ सर्टिफिकेट
किसी भी एसबीआई की ब्रांच में जाएं। यहां अपना आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन पेमेंट ऑर्डर नंबर और अकाउंट नंबर दें। इसके बाद बायोमीट्रिक की प्रक्रिया पूरी करें। इससे आपका लाइफ सर्टिफिकेट जेनरेट हो जाएगा।
वेबसाइट से ऐसे जमा कराएं सर्टिफिकेट
सबसे पहले वेबसाइट https://jeevanpramaan.gov.in/ पर जाएं। यहां अपनी ई-मेल और पासवर्ड से लॉगिन करें। इसके बाद सर्टिफिकेट जमा कराने की आगे की प्रक्रिया पूरी करें।