{"_id":"6a8d8c14602088c32303a032","slug":"sashakt-behna-utsav-uttarakhand-cm-dhami-appealed-to-people-to-buy-local-products-during-the-festive-season-2026-08-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"सशक्त बहना उत्सव: सीएम धामी ने महिला समूहों से खरीदे उत्पाद, ‘वोकल फॉर लोकल’ को आगे बढ़ाने का किया आह्वान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सशक्त बहना उत्सव: सीएम धामी ने महिला समूहों से खरीदे उत्पाद, ‘वोकल फॉर लोकल’ को आगे बढ़ाने का किया आह्वान
Tue, 25 Aug 2026 06:08 PM IST
Alka Tyagi
अमर उजाला ब्यूरो, देहरादून
अमर उजाला ब्यूरो, देहरादून
Published by: Alka Tyagi
Updated Tue, 25 Aug 2026 06:08 PM IST
सार
सीएम धामी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से न केवल स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उनसे जुड़ी महिलाओं की आजीविका मजबूत होने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलती है।
विज्ञापन
सीएम धामी
- फोटो : सूचना विभाग
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद प्रदेश की स्थानीय संस्कृति, परंपरा और हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीदारी से न केवल स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उनसे जुड़ी महिलाओं की आजीविका मजबूत होने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलती है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद में स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें। स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए प्रत्येक उत्पाद की खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने, किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूती देने और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान देती है।
विज्ञापन
उत्तराखंड कैबिनेट बैठक: 17 प्रस्तावों पर मुहर, सहकारिता नीति-2026 मंजूर, CNG वाहनों को ग्रीन सेस में छूट जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-अभियान बनाने से आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।